नई दिल्ली, 12 सितंबर 2026 : भारत में हो रहे BRICS Summit 2026 में शामिल होने वाले विदेशी प्रतिनिधियों और मेहमानों को खास तरह से तैयार गुडी बैग दिया जा रहा है। इस बैग में देश के अलग-अलग राज्यों की पहचान से जुड़े स्थानीय उत्पाद शामिल किए गए हैं। इसका उद्देश्य विदेशी मेहमानों को भारतीय संस्कृति, खान-पान और हस्तशिल्प से परिचित कराना है।
गुडी बैग में बिहार का सत्तू-मखाना और ओडिशा की कॉफी
गुडी बैग में बिहार का सत्तू और मखाना, केले के चिप्स, ओडिशा की कॉफी और गुजराती दुपट्टा शामिल है। अलग-अलग राज्यों के उत्पादों को एक साथ रखकर भारत की विविधता और स्थानीय परंपराओं को प्रदर्शित किया गया है।
BRICS Summit में One District One Product की प्रदर्शनी
भारत मंडपम में One District One Product (ODOP) प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों के कला, हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। प्रदर्शनी में करीब 1,200 से अधिक स्थानीय उत्पादों को पेश किया गया है। इसका उद्देश्य देश के जिलों में तैयार होने वाले खास उत्पादों को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाना है। यहां क्षेत्रीय सिल्क से बनी नेकटाई, पीतल के उत्पाद और पारंपरिक खिलौने भी प्रदर्शित किए गए हैं।
PM मोदी ने पुतिन को भेंट की तिरुक्कुरल
BRICS Summit से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को तमिल के प्रसिद्ध ग्रंथ तिरुक्कुरल के रूसी अनुवाद की प्रति भेंट की। तिरुक्कुरल तमिल कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर की प्रसिद्ध रचना है। इसमें 1,330 दोहे हैं, जिनमें नैतिक जीवन, शासन, अर्थव्यवस्था, प्रेम और मानवीय मूल्यों से जुड़े विचार शामिल हैं।
पुरी में रेत से बनाई BRICS नेताओं की तस्वीर
ओडिशा के पुरी में सैंड आर्टिस्ट मानस कुमार साहू ने BRICS नेताओं की रेत से कलाकृति बनाई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा को दिखाया गया है।
सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम
BRICS Summit को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई है। पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के करीब 30 हजार जवानों की तैनाती की गई है। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधिमंडलों के लिए सुरक्षित रूट तय किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में फेस रिकॉग्निशन कैमरे, एंटी-ड्रोन सिस्टम, एंटी-एयरक्राफ्ट गन और स्नाइपर भी शामिल हैं।




