नई दिल्ली, 2 अक्टूबर 2026 : पंजाब के तरनतारन इलाके में भारत-पाकिस्तान सीमा पर BSF ने दो संदिग्ध पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया है। अधिकारियों के मुताबिक दोनों शुक्रवार यानी दो अक्टूबर को करीब दोपहर 12 बजे अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। बीएसएफ के जवानों ने सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि देखी और दोनों को रुकने की चेतावनी दी। अधिकारियों के अनुसार, चेतावनी के बावजूद दोनों भारतीय इलाके की ओर बढ़ते रहे। इसके बाद जवानों ने फायरिंग की, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

तरनतारन में सीमा पार करने की कोशिश

यह घटना पंजाब के तरनतारन जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हुई। अधिकारियों के अनुसार, दोनों संदिग्धों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों किस उद्देश्य से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।

BSF और पंजाब पुलिस कर रही जांच

घटना के बाद BSF और पंजाब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए दोनों लोगों के शव पुलिस को सौंप दिए गए हैं और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। जांच एजेंसियां घुसपैठियों की पहचान और सीमा पार करने की कोशिश से जुड़े परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही हैं।

पाकिस्तान रेंजर्स के सामने उठ सकता है मामला

अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़े मामले को BSF और पाकिस्तान रेंजर्स के बीच होने वाली बैठक में भी उठाया जा सकता है। जांच पूरी होने के बाद घुसपैठ की कोशिश से जुड़े अन्य पहलुओं की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। फिलहाल अधिकारियों की ओर से दोनों मृतकों की पहचान और उनके मकसद को लेकर कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।