नई दिल्ली/मुंबई, 12 अगस्त 2026 : क्या आप जानते हैं कि भारत के सबसे अमीर कारोबारी परिवार कौन है और उकी कुल संपत्ति कितनी है। तो देखिए यह रिपोर्ट। भारत के सबसे बड़े कारोबारी परिवारों की संपत्ति को लेकर 2026 बार्कलेज प्राइवेट क्लाइंट्स हुरुन इंडिया मोस्ट वैल्यूएबल फैमिली बिजनेसेज लिस्ट सामने आई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक मुकेश अंबानी का परिवार लगातार भारत का सबसे धनी कारोबारी परिवार बना हुआ है। वहीं, गौतम अदाणी का परिवार पहली पीढ़ी के कारोबारी परिवारों में सबसे ऊपर है। रिपोर्ट के अनुसार अंबानी परिवार की कुल संपत्ति 25.8 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि पिछले आकलन की तुलना में परिवार की संपत्ति में 8.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।

अंबानी परिवार सबसे ऊपर

मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाला परिवार भारत के सबसे मूल्यवान पारिवारिक कारोबारों की सूची में पहले स्थान पर है। रिलायंस समूह से जुड़े कारोबारों की मजबूत मौजूदगी के कारण अंबानी परिवार ने अपनी शीर्ष स्थिति बरकरार रखी है। वहीं, गौतम अदाणी का परिवार 19.6 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सूची में दूसरे स्थान पर है। खास बात यह है कि अदाणी परिवार पहली पीढ़ी के कारोबारी परिवारों में नंबर-1 है।

मित्तल और बिड़ला परिवार भी टॉप में

एयरटेल के प्रवर्तक सुनील भारती मित्तल का परिवार 12.1 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर है। पहली पीढ़ी के कारोबारी परिवारों में मित्तल परिवार दूसरे स्थान पर है। इसके बाद कुमार मंगलम बिड़ला का परिवार आता है। बिड़ला परिवार की कुल संपत्ति करीब 8.14 लाख करोड़ रुपये बताई गई है।

जिंदल परिवार ने सबसे ज्यादा मूल्य बनाया

रिपोर्ट के मुताबिक पिछले तीन वर्षों में जिंदल परिवार ने निरपेक्ष रूप से सबसे अधिक मूल्य सृजित किया है। इस कारोबारी परिवार की संपत्ति में करीब 3.3 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और कुल संपत्ति बढ़कर 8.02 लाख करोड़ रुपये हो गई। इस दौरान जिंदल परिवार की संपत्ति में करीब 70 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।

आहूजा परिवार की संपत्ति में 352% उछाल

तेज संपत्ति वृद्धि के मामले में शाही एक्सपोर्ट्स के आहूजा परिवार ने शानदार प्रदर्शन किया है। तीन वर्षों में उनकी संपत्ति 352 फीसदी बढ़कर 37,500 करोड़ रुपये पहुंच गई है। वहीं, गरवारे हाई-टेक फिल्म्स के शशिकांत भालचंद्र गरवारे परिवार की संपत्ति में भी करीब 300 फीसदी की वृद्धि हुई है। उनकी संपत्ति बढ़कर 15,600 करोड़ रुपये हो गई। एक रिपोर्ट के अनुसार इस परिवार ने तीन वर्षों में रैंकिंग में 61 स्थानों की छलांग लगाई है।

300 पारिवारिक कारोबारों की कुल वैल्यू 138 लाख करोड़ रुपये

हुरुन इंडिया के मुताबिक भारत के शीर्ष 300 पारिवारिक कारोबारों का कुल मूल्य करीब 1.46 ट्रिलियन डॉलर, यानी लगभग 138 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। हुरुन इंडिया के संस्थापक और मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद के मुताबिक इन पारिवारिक कारोबारों की कुल वैल्यू इतनी बड़ी है कि अगर इसे एक देश माना जाए तो यह दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। इस रिपोर्ट के अनुसार भारत के शीर्ष 300 पारिवारिक कारोबारों ने पिछले दो वर्षों में हर दिन औसतन 4,076 करोड़ रुपये का मूल्य जोड़ा है।

क्या बताती है 2026 की यह Report

हुरुन की यह रिपोर्ट बताती है कि भारत में पारिवारिक कारोबार न केवल बड़ी संपत्ति का निर्माण कर रहे हैं, बल्कि कई नए कारोबारी परिवार भी तेजी से अपनी स्थिति मजबूत कर रहे हैं। अंबानी और अदाणी जैसे दिग्गज समूहों के साथ आहूजा, गरवारे और जिंदल परिवार की तेज वृद्धि भारतीय कॉरपोरेट सेक्टर में संपत्ति निर्माण की बदलती तस्वीर को दिखाती है।