कोच्चि, 7 सितंबर 2026 : एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट में अचानक तकनीकी समस्या आ गई, जिस कारण उसे वापस कोच्चि वापस लौट जाना पड़ा। एअर इंडिया एक्सप्रेस की कोच्चि से अबू धाबी जा रही फ्लाइट IX 415 को उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या आ गई थी। विमान करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी इंजन-1 में ऑयल की मात्रा तेजी से कम होने का संकेत मिला। स्थिति गंभीर होने पर पायलटों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को वापस कोच्चि लाने का फैसला किया। रिपोर्ट के मुताबिक बोइंग 737 विमान में उड़ान भरने के करीब 50 मिनट बाद इंजन-1 के ऑयल लेवल में गिरावट देखी गई। इसके बाद विमान को कोच्चि की ओर मोड़ा गया। वापसी के दौरान इंजन के ऑयल प्रेशर में भी अस्थिरता आने लगी और कॉकपिट में चेतावनी लाल क्षेत्र तक पहुंच गई।
इंजन बंद कर सुरक्षित उतारा विमान
स्थिति को देखते हुए चालक दल ने इंजन-1 को बंद कर दिया। पायलटों ने विमान के दूसरे महत्वपूर्ण मानकों पर लगातार निगरानी रखी और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की। इस बीच पायलटों ने FORDEC Decision-Making Process का इस्तेमाल करते हुए स्थिति का आकलन किया। साथ ही कमांडर ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को जानकारी दी और विमान को सुरक्षित तरीके से कोच्चि की ओर वापस ले जाया गया।
कोच्चि एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग
विमान ने कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। एअर इंडिया एक्सप्रेस के मुताबिक, घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य को चोट नहीं आई। यात्रियों की आगे की यात्रा पूरी कराने के लिए एयरलाइन ने वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की और सभी यात्रियों को अबू धाबी भेजा गया।
Air India Express ने क्या कहा ?
एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता के अनुसार, यह घटना करीब एक सप्ताह पहले हुई थी। विमान ने स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत Air Turnback किया था। एयरलाइन ने कहा कि घटना को सही समय-सीमा और संदर्भ के बिना पेश किए जाने से यात्रियों और आम लोगों में अनावश्यक चिंता पैदा हो सकती है। एयरलाइन ने दोहराया कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तकनीकी संकेत या संभावित जोखिम की स्थिति में सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है।
पूरी घटना एक नजर में
- फ्लाइट : IX 415
- रूट : कोच्चि से अबू धाबी
- विमान : Boeing 737
- ऊंचाई : करीब 36,000 फीट
- समस्या : इंजन-1 में ऑयल लेवल और ऑयल प्रेशर में गिरावट
- कार्रवाई : इंजन-1 बंद कर विमान को कोच्चि लौटाया गया
- नतीजा : विमान सुरक्षित उतरा, सभी यात्री सुरक्षित
- आगे की यात्रा : यात्रियों को दूसरे विमान से अबू धाबी भेजा गया




