नई दिल्ली, 15 सितंबर 2026 : स्पाइसजेट की दिल्ली से दुबई जाने वाली दो फ्लाइट में 24 घंटे से ज्यादा की देरी होने के बाद मंगलवार को यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। आज करीब 200 यात्रियों ने दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के अंदर जमीन पर बैठकर प्रदर्शन किया। यात्रियों का आरोप है कि उन्हें लंबे समय तक फ्लाइट का इंतजार करना पड़ा और देरी की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।यात्री सोमवार से अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान दोनों फ्लाइट का शेड्यूल कई बार बदला गया, लेकिन मंगलवार दोपहर तक भी उड़ान नहीं भरी जा सकी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ यात्री ‘चोर-चोर’ के नारे लगाते हुए भी नजर आए।

कौन सी फ्लाइट कितनी लेट हुई ?

स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 5111 को सोमवार सुबह 8:30 बजे दिल्ली से उड़ान भरनी थी और सुबह 11:15 बजे दुबई पहुंचना था। वहीं, दूसरी फ्लाइट SG 5105 को सोमवार रात 10:10 बजे दिल्ली से रवाना होना था और रात 12:55 बजे दुबई पहुंचना था। हालांकि, दोनों फ्लाइट निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सकीं। लगातार देरी से परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट टर्मिनल के अंदर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया।

एक विमान ग्राउंडेड होने से बढ़ी परेशानी

स्पाइसजेट के मुताबिक, उसका एक विमान ग्राउंडेड होने के कारण दोनों फ्लाइट में ऑपरेशनल कारणों से देरी हुई। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था शुरू की है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। यात्रियों की असुविधा कम करने के लिए वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था की जा रही है।

स्पाइसजेट के ऑपरेशन पर DGCA की नजर

मालूम हो कि स्पाइसजेट पहले से ही परिचालन और वित्तीय चुनौतियों का सामना कर रही है। हालांकि पिछले सप्ताह नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा था कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA एयरलाइन की वित्तीय स्थिति और संचालन पर करीबी नजर रख रहे हैं। फ्लाइट में लंबी देरी और यात्रियों के प्रदर्शन की घटना ने एक बार फिर एयरलाइन के परिचालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना है कि आगे क्या होता है।