नई दिल्ली, 22 अगस्त 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में एक महीने का 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से होगी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। हर साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाता है। इस बार मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसे विस्तार देते हुए एक महीने तक विभिन्न सेवा और जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सात अक्टूबर को पूरे होंगे मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल
भाजपा महासचिव विनोद तावड़े के मुताबिक, नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इस वर्ष 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन के उस महत्वपूर्ण पड़ाव के 25 साल पूरे हो जाएंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने सेवा पखवाड़े के साथ एक महीने के सेवा संकल्प अभियान का फैसला किया है।
सरकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ने पर जोर
अभियान के दौरान भाजपा 'सेवा सेतु अभियान' भी चलाएगी। इसका उद्देश्य ऐसे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है, जो दस्तावेजों की कमी या किसी अन्य वजह से योजनाओं से वंचित रह गए हैं। इसके तहत ब्लॉक स्तर पर 15 दिनों तक संबंधित विभागों के अधिकारी जरूरी दस्तावेजों के साथ उपलब्ध रहेंगे। यहां लोग आयुष्मान योजना, पीएम किसान सम्मान निधि समेत अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।
युवाओं के लिए नेशनल इनोवेशन चैलेंज
भाजपा अभियान के दौरान National Innovation Challenge भी आयोजित करेगी। इसका उद्देश्य युवाओं को स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए शोध और नवाचार की दिशा में प्रोत्साहित करना है। ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बड़े राज्यों में इन कार्यक्रमों को विशेष स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है।
14 लाख से ज्यादा आंगनवाड़ी केंद्रों पर सम्मान
अभियान के तहत आंगनवाड़ी सम्मान और मातृ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता देशभर के 14 लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगे। पार्टी का कहना है कि सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
युवाओं से सेवा कार्यों की रील बनाने की अपील
भाजपा ने 'सेवा में मेरा योगदान' नाम से एक पहल भी शुरू की है। इसके तहत युवाओं से सेवा से जुड़े कार्य करने और उनकी रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की जाएगी।सफाई अभियान, पौधरोपण व टीबी मुक्त भारत जैसे अभियानों से जुड़ी गतिविधियों को इसमें शामिल किया जा सकता है। विनोद तावड़े के अनुसार भाजपा राज्य व जिला स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित करेगी। 31 अगस्त तक राज्यों में बैठकें होंगी, इसके बाद जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं के जरिए इस अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी है।




