टीनू आनंद 14 दिन बाद अस्पताल से घर लौटे, रात में गिरने से टूटी थीं 5 पसलियां, फेफड़े में भी आई थी चोट

Tinnu Anand Health Update: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और फिल्ममेकर टीनू आनंद के चाहने वालों के लिए राहत की खबर है। अभिनेता को 14 दिन अस्पताल में रहने के बाद छुट्टी मिल गई है। अब वह घर पर रहकर स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। कुछ दिनों पहले घर में रात के समय गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। हादसे में उनकी पांच पसलियां टूट गई थीं और टूटी हुई पसलियों में से एक से उनके फेफड़े में भी छेद हो गया था।

रात में घर पर टहलते समय हुआ हादसा

टीनू आनंद ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में अपनी सेहत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब वह पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं। अभिनेता के मुताबिक, यह हादसा उनके घर पर रात के समय हुआ था।

वह घर में टहल रहे थे और उस समय लाइट बंद थी। अचानक उनका पैर फिसला और वह गिर पड़े। गिरने के बाद उन्हें चोट की गंभीरता का अंदाजा नहीं हुआ और वह सो गए। अगली सुबह उन्हें चोट का एहसास हुआ, जिसके बाद उनकी बेटी उन्हें अस्पताल लेकर गई।

अस्पताल में सीटी स्कैन कराने पर पता चला कि उनकी पांच पसलियां टूट गई हैं। इनमें से एक टूटी हुई पसली के कारण फेफड़े में भी चोट आई थी। इसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भी रखा गया।

14 दिन बाद अस्पताल से मिली छुट्टी

टीनू आनंद ने बताया कि वह 14 दिन अस्पताल में रहने के बाद घर लौटे हैं। उन्होंने कहा कि अब उनकी हालत पहले से बेहतर है, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है।

अभिनेता की घर पर ही फिजियोथेरेपी चल रही है, ताकि धीरे-धीरे उनकी ताकत और चलने-फिरने की क्षमता वापस आ सके। डॉक्टरों की अनुमति मिलने तक वह घर से बाहर नहीं निकलेंगे। फिलहाल उनकी प्राथमिकता पूरी तरह स्वस्थ होना है।

अगले महीने दो साउथ फिल्मों की शूटिंग शुरू करने की उम्मीद

टीनू आनंद ने उम्मीद जताई है कि सेहत में सुधार होने के बाद वह अगले महीने से अपनी दो दक्षिण भारतीय फिल्मों की शूटिंग शुरू कर सकते हैं। हालांकि, उनकी वापसी पूरी तरह रिकवरी और डॉक्टरों की सलाह पर निर्भर करेगी।

अभी उनके लिए आराम करना और चोटों से उबरना सबसे जरूरी है। ऐसे में शूटिंग शुरू करने की कोई पक्की तारीख सामने नहीं आई है।

अमिताभ बच्चन के साथ भी बनाई हैं कई फिल्में

टीनू आनंद हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने अभिनेता, निर्देशक और लेखक के रूप में अपनी पहचान बनाई है। बतौर अभिनेता वह 'अग्निपथ', 'कुली', 'दामिनी', 'खिलाड़ी', 'घातक', 'चाइना गेट', 'गजनी', 'दबंग' और 'मेरी क्रिसमस' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं।

वहीं, निर्देशक के तौर पर उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ 'कालिया', 'शहंशाह', 'मैं आजाद हूं' और 'मेजर साब' जैसी फिल्मों में काम किया है। उनके अस्पताल से घर लौटने की खबर के बाद प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।