NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि अगले सत्र से NEET-UG परीक्षा ऑनलाइन मोड में कराई जाएगी। उन्होंने स्वीकार किया कि 3 मई को आयोजित परीक्षा का पेपर लीक हुआ था, जिसके बाद सरकार ने परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि किसी भी गलत उम्मीदवार का चयन न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने जिम्मेदारी लेते हुए री-एग्जाम कराने का फैसला किया। अब NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित होगी।
सरकार की ओर से छात्रों को राहत देते हुए परीक्षा में 15 मिनट का अतिरिक्त समय देने का भी ऐलान किया गया है। साथ ही अभ्यर्थी अपनी पसंद का परीक्षा केंद्र चुन सकेंगे।
धर्मेंद्र प्रधान के अनुसार, 7 मई को परीक्षा में गड़बड़ी की जानकारी मिली थी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच के बाद 12 मई को परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया गया।
केंद्र सरकार के इस फैसले के बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच चर्चा तेज हो गई है। कई छात्र इसे पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं, वहीं कुछ अभ्यर्थी दोबारा परीक्षा को लेकर चिंता भी जता रहे हैं।




