PM मोदी के 25 साल के शासन अनुभव पर नीति आयोग की 5 वर्कशॉप, 17 नवंबर से होगी शुरुआत; जानें पूरा शेड्यूल

NITI Aayog 5 Workshops: नीति आयोग (NITI Aayog) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल के शासन अनुभव से जुड़े प्रशासनिक सबक और अनुभवों को दर्ज करने के लिए पांच नेशनल वर्कशॉप की सीरीज शुरू करने जा रहा है। इसकी शुरुआत 17 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाली पहली वर्कशॉप से होगी। इसका विषय ‘Leadership as Mission’ यानी मिशन के रूप में नेतृत्व रखा गया है।

नीति आयोग की इस पहल के तहत शासन, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास में भागीदारी, भारत की सभ्यतागत पहचान और वैश्विक भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इन वर्कशॉप से मिले अनुभवों को केस स्टडी, रिसर्च पेपर और शिक्षण सामग्री के रूप में तैयार किया जाएगा, ताकि सरकारी अधिकारियों, प्रशिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों और विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

NITI Aayog क्यों शुरू कर रहा है नेशनल वर्कशॉप सीरीज?

नीति आयोग के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। इसके बाद मई 2014 में उन्होंने प्रधानमंत्री का पद संभाला। 7 अक्टूबर 2026 को सरकार के प्रमुख के रूप में उनके 25 साल पूरे हुए।

इसी अवधि के प्रशासनिक अनुभवों और बड़े फैसलों से मिली सीख को संस्थागत ज्ञान के रूप में संकलित करने के उद्देश्य से यह वर्कशॉप सीरीज शुरू की जा रही है। इसमें उन अधिकारियों, संस्थानों और नागरिकों के अनुभव भी दर्ज किए जाएंगे, जो महत्वपूर्ण सरकारी फैसलों और योजनाओं से सीधे जुड़े रहे हैं।

नीति आयोग इन अनुभवों को अकादमिक अध्ययन के आधार पर केस स्टडी, रिसर्च पेपर और पढ़ाई से जुड़ी सामग्री में बदलने की योजना बना रहा है। इसका इस्तेमाल सिविल सेवकों, प्रशिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों, विद्यार्थियों और आम लोगों के लिए किया जा सकेगा।

17 नवंबर को भारत मंडपम में पहली वर्कशॉप

इस सीरीज की पहली नेशनल वर्कशॉप 17 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगी। इसका थीम ‘Leadership as Mission’ है। इसमें इस बात पर चर्चा की जाएगी कि बड़े प्रशासनिक फैसले कैसे लिए जाते हैं और उन्हें आम नागरिकों के लिए वास्तविक परिणामों में कैसे बदला जाता है।

कार्यक्रम में नीति आयोग के CEO अनुराग जैन प्रतिभागियों का स्वागत करेंगे। नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी शुरुआती संबोधन देंगे। प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी.के. मिश्रा उद्घाटन मुख्य भाषण देंगे, जबकि कोटक महिंद्रा बैंक के संस्थापक उदय कोटक भी संबोधन करेंगे। नीति आयोग के सदस्य डॉ. आर. बालासुब्रमण्यम वर्कशॉप का फ्रेमवर्क प्रस्तुत करेंगे।

नवंबर 2026 से अक्टूबर 2027 तक पांच वर्कशॉप

नीति आयोग की इस सीरीज में कुल पांच राष्ट्रीय वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। इनके विषय और निर्धारित महीने इस प्रकार हैं:

वर्कशॉप का थीम

आयोजन का समय

Leadership as Mission

नवंबर 2026

Governance as Delivery

जनवरी 2027

Development as Inclusion

अप्रैल 2027

Civilisational Identity

जुलाई 2027

India as a Global Force

सितंबर 2027

यह सीरीज नवंबर 2026 से अक्टूबर 2027 तक चलने के लिए घोषित की गई है। पांचों वर्कशॉप में नेतृत्व, सरकारी सेवाओं की डिलीवरी, समावेशी विकास, सभ्यतागत पहचान और वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका से जुड़े अनुभवों पर चर्चा होगी।

कच्छ, कोविड और लखपति दीदी जैसे मुद्दों पर होगी चर्चा

पहली वर्कशॉप में चार महत्वपूर्ण प्रशासनिक अनुभवों को प्रमुखता से शामिल किया गया है। इनमें 2001 के भूकंप के बाद कच्छ का पुनर्निर्माण, कोविड-19 के दौरान भारत की प्रतिक्रिया, लखपति दीदी पहल और स्पेस सेक्टर को खोलने से जुड़े बदलाव शामिल हैं।

इन विषयों पर अनुभव साझा करने वाले प्रमुख वक्ताओं में गुजरात सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव टोपनो, पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव और पूर्व UPSC अध्यक्ष प्रीति सूदन, ग्रामीण विकास मंत्रालय के पूर्व सचिव शैलेश कुमार सिंह और ISRO के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस. सोमनाथ शामिल हैं।

इसके अलावा ‘Leadership for Viksit Bharat’ विषय पर पैनल चर्चा भी होगी। इसका संचालन नीति आयोग के पूर्व CEO बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम करेंगे। पैनल में उत्तर प्रदेश के मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, IIM अहमदाबाद के प्रोफेसर विशाल गुप्ता, नीति आयोग की विशिष्ट फेलो देबजानी घोष और हरदोई की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया शामिल होंगी।

वर्कशॉप में करीब 900 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद

नीति आयोग के अनुसार, पहली वर्कशॉप में करीब 900 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें से लगभग 250 लोग सीधे विचार-विमर्श में हिस्सा लेंगे।

प्रत्यक्ष चर्चा में शामिल होने वाले प्रतिभागियों में केंद्र और राज्य सरकारों के करीब 150 अधिकारी, प्रमुख संस्थानों और विश्वविद्यालयों के 25 विद्यार्थी तथा सरकारी योजनाओं से जुड़े 50 कम्युनिटी पार्टनर्स और लाभार्थी शामिल होंगे। इसके अलावा ग्रुप डिस्कशन को 25 केस फैसिलिटेटर संचालित करेंगे। इन्हें कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन की ‘अमृत ज्ञान कोष’ पहल के तहत प्रशिक्षण दिया गया है।

क्या आम लोग भी वर्कशॉप में शामिल हो सकते हैं?

नीति आयोग की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में आम लोगों के लिए किसी ओपन रजिस्ट्रेशन या आवेदन प्रक्रिया का विवरण नहीं दिया गया है। इसलिए फिलहाल इसे आम लोगों के लिए खुला आवेदन-आधारित कार्यक्रम नहीं माना जा सकता।

हालांकि, वर्कशॉप की कार्यवाही iGOT Karmayogi प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीम की जाएगी। इस माध्यम से इच्छुक लोग कार्यक्रम की चर्चा और कार्यवाही देख सकेंगे।

कार्यक्रम के समापन पर कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन iGOT Karmayogi प्लेटफॉर्म पर ‘Karmayogi Sankalpa’ की शुरुआत करेंगे। इसके तहत देशभर के सरकारी अधिकारी अपने नेतृत्व और काम करने के तरीके में एक ठोस बदलाव लाने का संकल्प लेंगे।