भागलपुर | 15 जुलाई 2026
बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया जाएगा। भागलपुर जिले के गोराडीह स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। इसी के साथ राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में भी औपचारिक रूप से पठन-पाठन की शुरुआत होगी। सरकार का दावा है कि इस पहल से हजारों ग्रामीण छात्रों को अपने जिले और प्रखंड के नजदीक ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी।
गोराडीह में तैयारियां पूरी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कॉलेज परिसर, सभा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कार्यक्रम स्थल के पास निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े कर पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना होगा।
ग्रामीण छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ
गोराडीह का यह राजकीय डिग्री महाविद्यालय तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध होगा। कॉलेज शुरू होने से गोराडीह और आसपास के ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए भागलपुर शहर या दूसरे जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और आर्थिक खर्च दोनों में कमी आएगी।
211 नए कॉलेजों में भी शुरू होगा शिक्षण कार्य
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान राज्य के 211 नए सरकारी डिग्री कॉलेजों का एक साथ उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही इन संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियां भी शुरू हो जाएंगी। सरकार का मानना है कि इससे उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा और अधिक से अधिक युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा।
विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय से जुड़ा कार्यक्रम भी होगा
उद्घाटन समारोह के दौरान विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए भूमि हस्तांतरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सभा को संबोधित करेंगे और राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में चल रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे।
मुख्यमंत्री का संभावित कार्यक्रम
मुख्यमंत्री सुबह काशील गांव स्थित हेलिपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे राजकीय डिग्री महाविद्यालय का निरीक्षण करेंगे, उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे, 211 नए कॉलेजों का शुभारंभ करेंगे, विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय के भूमि हस्तांतरण कार्यक्रम में भाग लेंगे और अंत में जनसभा को संबोधित करने के बाद हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे।




