वैशाली | 9 जुलाई 2026

बिहार के वैशाली जिले में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। गोरौल थाना क्षेत्र के बसीपुर-कटरमाला गांव में 22 वर्षीय युवक अमित कुमार की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही गोरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।

घर से 300 मीटर दूर बुलाकर सिर में मारी गोली

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अमित कुमार को बुधवार देर रात घर से किसी बहाने बाहर बुलाया गया। घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देर रात गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, जहां युवक का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की आशंका

मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक ठेकेदार आशुतोष पर हत्या कराने का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि अमित और ठेकेदार के बीच काफी समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण उसे घर से बुलाकर सुनियोजित तरीके से हत्या कराई गई। परिजनों का यह भी दावा है कि अमित को पिछले कुछ दिनों से लगातार धमकियां मिल रही थीं।

तेलंगाना से कुछ दिन पहले ही लौटा था युवक

परिजनों के मुताबिक अमित कुमार तेलंगाना में रहकर काम करता था और कुछ दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। परिवार को अंदेशा नहीं था कि गांव लौटने के बाद उसके साथ इतनी बड़ी घटना हो जाएगी। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

एसपी बोले- आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी के प्रयास तेज

वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि गोरौल थाना पुलिस को कटरमाला-बसीपुर रोड स्थित मधुपालन केंद्र के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान नगीना सिंह के पुत्र अमित कुमार के रूप में की। एसपी ने बताया कि परिजनों के आरोपों और प्रारंभिक जांच के आधार पर संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे पैसों के लेन-देन के विवाद सहित अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।