बिहार सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचारियों और अपराधियों के खिलाफ राज्य में कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में राजधानी पटना के खुसरुपुर प्रखंड से एक बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है. दरअसल शनिवार की सुबह इलाके में उस वक़्त सनसनी फ़ैल गई, जब आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक साथ पैक्स अध्यक्ष एवं प्रखंड प्रमुख के पति संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन के कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी. इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.

जानकारी के अनुसार, EOU की टीम ने पचरुखिया स्थित संतोष डॉन के आवास समेत करीब 25 स्थानों को जांच के दायरे में लिया है। सुबह से जारी इस अभियान में बड़ी संख्या में अधिकारीयों की टीम शामिल हैं, जो अलग-अलग टीमों में विभिन्न ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण कागजात और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज़ बरामद हुए है, जिनकी पड़ताल की जा रही है।

बताया जा रहा है कि खुसरूपुर क्षेत्र के पचरुखिया, जगमालबीघा, सुकरबेगचक, मुस्तफापुर और चौड़ा गांवों के अलावा नालंदा जिले के खिदरचक समेत कई अन्य स्थानों पर भी जांच जारी है। जांच एजेंसी संपत्तियों, बैंक खातों और अन्य वित्तीय गतिविधियों से जुड़े तथ्यों को खंगालने में जुटी हुई है। अधिकारियों की टीम हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है ताकि आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा सकें।

छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों में हलचल बढ़ गई। स्थानीय लोग कार्रवाई को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। हालांकि, आर्थिक अपराध इकाई की ओर से अभी तक मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल विभिन्न ठिकानों पर जांच और साक्ष्य जुटाने का काम लगातार जारी है।