वैशाली | 9 जुलाई 2026

बिहार के वैशाली जिले में देर रात एक किराना दुकानदार के घर पर बमबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सदर थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव में अज्ञात बदमाशों ने रात के अंधेरे में घर के बाहर सुतली बम फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन धमाकों से आसपास के लोग सहम गए। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

रात में सुनाई दिए धमाके, सुबह बाहर मिले बम के अवशेष

पीड़ित किराना दुकानदार उदय मिश्रा ने बताया कि बुधवार देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अचानक तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। शुरुआत में उन्हें लगा कि किसी वाहन का टायर फटा है या किसी ने पटाखे छोड़े हैं। सुबह जब परिवार के लोग घर से बाहर निकले तो परिसर में सुतली, शीशे के टुकड़े और टूटे हुए गमले बिखरे मिले। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

दो जिंदा और दो विस्फोटित सुतली बम बरामद

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान दो जिंदा सुतली बम और दो विस्फोटित बमों के अवशेष बरामद किए। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र को घेर लिया गया और बमों को सुरक्षित निष्क्रिय कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम और बम स्क्वायड को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रहे हैं।

सीसीटीवी कैमरा मिला क्षतिग्रस्त, पुलिस को आपसी विवाद की आशंका

सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घर में लगा सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त मिला है, जिससे उसके साथ छेड़छाड़ किए जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि मामले में पहले से आपसी विवाद की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

परिवार ने जताई हत्या की साजिश की आशंका

उदय मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र की हत्या की साजिश रची जा रही है। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिला पुलिस प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही इलाके में अवैध गतिविधियों और नशीले पदार्थों की बिक्री पर भी रोक लगाने की अपील की है।

जांच जारी, जल्द होगा खुलासा

पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद घटना के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।