गया | 08 जुलाई 2026
बिहार के गया जिले में डोभी-पटना फोरलेन पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के पास देर रात करीब 1:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कुछ ही पलों में आग का गोला बन गई और उसमें सवार दो लोग बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके।
ट्रक के डीजल टैंक से टकराई कार, भड़क उठी आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खाद से लदा एक दस चक्का ट्रक सर्विस लेन से विपरीत दिशा में फोरलेन पर चढ़ रहा था। उसी समय डोभी से पटना की ओर तेज रफ्तार से आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक के दाहिने हिस्से में बने डीजल टैंक से जा टकराई। टक्कर के तुरंत बाद डीजल टैंक फट गया और दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
दो की मौके पर मौत, चालक अस्पताल में भर्ती
हादसे में कार में फंसे दो लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय पुलिस ने घायल को तत्काल मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी है।
घटनास्थल से शराब की खाली बोतलें बरामद
पुलिस ने जली हुई कार की तलाशी के दौरान कुछ खाली शराब की बोतलें भी बरामद की हैं। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इन बोतलों का हादसे से कोई संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन दल की मदद से आग पर काबू पाया। गुरुवार सुबह जेसीबी और क्रेन की सहायता से जले हुए वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश के साथ-साथ मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।




