पटना | 09 जुलाई 2026
बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने वाले सरकारी अधिकारियों के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में सिवान में पदस्थापित उत्पाद निरीक्षक (एक्साइज इंस्पेक्टर) अंकेश कुमार गोंड़ के खिलाफ गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध इकाई की अलग-अलग टीमों ने राज्य के तीन जिलों में स्थित उनके पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।
प्रारंभिक जांच में मिले गंभीर संकेत
आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, विश्वसनीय स्रोतों से मिली शिकायतों के सत्यापन के दौरान प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि अधिकारी ने अपनी ज्ञात आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसके आधार पर 08 जुलाई 2026 को आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 13/26 दर्ज किया गया। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है।
पांच ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद आर्थिक अपराध इकाई की टीमों ने पटना, मुंगेर और सिवान में स्थित पांच अलग-अलग परिसरों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (DSP) स्तर के अधिकारी कर रहे हैं।
छापेमारी जिन स्थानों पर की जा रही है उनमें पटना के दानापुर स्थित आवास, मुंगेर के चंदनबाग स्थित पैतृक घर, लल्लूपोखर स्थित व्यवसायिक परिसर, सिवान स्थित उत्पाद विभाग का कार्यालय कक्ष और नगर थाना क्षेत्र में किराये का आवास शामिल है।
2.36 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्ति का आरोप
जांच एजेंसी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि अंकेश कुमार गोंड़ ने अपनी वैध आय की तुलना में करीब 2 करोड़ 36 लाख 31 हजार रुपये की अतिरिक्त संपत्ति अर्जित की है। यह उनकी ज्ञात आय से लगभग 201.97 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
दस्तावेज और बैंक रिकॉर्ड की हो रही जांच
छापेमारी के दौरान बैंक खातों से जुड़े रिकॉर्ड, निवेश संबंधी दस्तावेज, जमीन-जायदाद के कागजात, चल-अचल संपत्तियों का विवरण तथा अन्य वित्तीय अभिलेखों की गहन जांच की जा रही है। आर्थिक अपराध इकाई का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का विस्तृत ब्यौरा सार्वजनिक किया जाएगा। फिलहाल जांच जारी है और बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




