पटना | 09 जुलाई 2026
बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, लेकिन इसका असर अलग-अलग जिलों में अलग रूप में देखने को मिल रहा है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश के बावजूद उमस से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। वहीं सीमांचल और उत्तर बिहार के कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार गुरुवार को गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, किशनगंज, सारण और सिवान जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं अररिया, अरवल, औरंगाबाद, कैमूर (भभुआ), कटिहार, मधेपुरा, पूर्णिया, रोहतास, सहरसा और सुपौल में मेघ गर्जन, तेज हवा और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
किशनगंज में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक वर्षा किशनगंज जिले के चरघरिया में 178.4 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा बहादुरगंज, कोचाधामन, ठाकुरगंज, सुपौल के बीरपुर, पूर्णिया के अमौर और अररिया समेत कई इलाकों में भी भारी वर्षा हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली लेकिन निचले क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति भी बनी।
पटना में उमस बरकरार, तापमान में उतार-चढ़ाव
राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राज्य में सबसे अधिक तापमान विक्रमगंज में 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पटना, बांका और मधुबनी में 31 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों तक राज्य में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की आधिकारिक सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है।




