पटना, 17 अगस्त 2026 : जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर अब आधिकारिक तौर पर बांकीपुर विधानसभा के विधायक बन गए हैं। सोमवार को उन्होंने विधायक पद की शपथ ली। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने अपने चैंबर में उन्हें शपथ दिलाई। इसके साथ ही प्रशांत किशोर अब सदन की कार्यवाही में आधिकारिक रूप से हिस्सा ले सकेंगे और विधायक के तौर पर अपना काम भी शुरू करेंगे।

शपथ लेते ही विधायक बने प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर सोमवार को जन सुराज समर्थकों के साथ बिहार विधानसभा पहुंचे। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने अपने चैंबर में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। फिलहाल बिहार विधानसभा का कोई सत्र नहीं चल रहा है। मॉनसून सत्र समाप्त हो चुका है और शीतकालीन सत्र में अभी समय है। ऐसे में नए विधायक को विधानसभा अध्यक्ष के चैंबर में शपथ दिलाने की व्यवस्था की गई।

बांकीपुर में BJP उम्मीदवार को दी थी बड़ी शिकस्त

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 19,246 वोटों से हराया था। इस जीत के साथ जन सुराज ने बांकीपुर सीट पर अपना खाता खोला।बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था, जबकि चुनाव परिणाम तीन अगस्त को घोषित किया गया था।

जीत के बाद PK ने किया था तीन महीने में बदलाव का दावा

विधायक बनने से पहले ही प्रशांत किशोर ने बांकीपुर को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी थीं। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने कहा था कि अगले दो से तीन महीने में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में बदलाव साफ दिखाई देने लगेगा। अब विधायक पद की शपथ लेने के बाद उनके सामने अपने इन दावों को जमीन पर उतारने की चुनौती होगी।

रोजगार से पेंशन तक, PK के चार बड़े ऐलान

बांकीपुर की जनता से प्रशांत किशोर ने कई मुद्दों पर काम करने का वादा किया था। इनमें युवाओं को रोजगार, बच्चों की शिक्षा, राशन व्यवस्था और बुजुर्गों की पेंशन प्रमुख हैं।

10 हजार युवाओं को प्राइवेट नौकरी

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के करीब 10 हजार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने की कोशिश करने की बात कही थी। इसके साथ ही बच्चों की प्राइवेट स्कूल में पढ़ाई की व्यवस्था। उन्होंने बच्चों की शिक्षा को लेकर भी बड़ा दावा किया था। PK ने जरूरतमंद बच्चों को प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने की व्यवस्था करने की बात कही थी। राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं को दूर करने और व्यवस्था में सुधार करने का भी उन्होंने वादा किया था। प्रशांत किशोर ने इसे तीन महीने के भीतर सुधारने की कोशिश करने की बात कही थी। प्रशांत किशोर ने 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए 1100 रुपये पेंशन दिलाने का ऐलान किया था।

अब आगे क्या है PK की रणनीति ?

बांकीपुर से जीत के बाद प्रशांत किशोर बिहार की राजनीति में और सक्रिय हो गए हैं। अब उनकी नजर आने वाले चुनावों और राजनीतिक गतिविधियों पर है। बिहार में आगामी विधान परिषद की शिक्षक-स्नातक सीटों और पंचायत चुनाव को लेकर भी जन सुराज की तैयारियां शुरू होने की बात कही जा रही है। इसके अलावा प्रशांत किशोर फिर से बिहार यात्रा शुरू करने की तैयारी में हैं।

बांकीपुर में अब वादों पर होगी नजर

विधायक पद की शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने चुनावी वादों को पूरा करने की होगी। खासकर रोजगार, शिक्षा, राशन और पेंशन से जुड़े उनके ऐलानों पर बांकीपुर की जनता की नजर रहेगी। अब देखना होगा कि चुनाव जीतने के बाद जिन तीन महीनों में बदलाव का दावा किया गया था, उसमें जमीन पर कितना असर दिखाई देता है।