पटना, 13 अगस्त 2026 : बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने STET और TRE 4 भर्ती परीक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। शिक्षा मंत्री के मुताबिक, TRE 4 भर्ती परीक्षा से पहले STET का रिजल्ट जारी किया जाएगा। STET में सफल अभ्यर्थी ही TRE 4 की परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

TRE 4 से पहले जारी होगा STET रिजल्ट

शिक्षा मंत्री ने बताया कि STET परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को TRE 4 का फॉर्म भरने का अवसर मिलेगा। हालांकि, TRE 4 की परीक्षा में बैठने के लिए STET में पास होना अनिवार्य होगा। इस व्यवस्था के बाद STET का रिजल्ट TRE 4 के अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो जाएगा। रिजल्ट जारी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आवेदन करने वाले कौन-कौन से उम्मीदवार भर्ती परीक्षा में शामिल होने के योग्य हैं।

17 अगस्त से शुरू होंगे STET के आवेदन

STET को लेकर आवेदन प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने वाली है। 17 अगस्त से STET के लिए आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद परीक्षा और रिजल्ट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सरकार की कोशिश है कि TRE 4 का विज्ञापन जारी होने से पहले STET का रिजल्ट घोषित कर दिया जाए, ताकि भर्ती परीक्षा की पात्रता को लेकर अभ्यर्थियों के बीच किसी तरह की असमंजस की स्थिति न रहे।

TRE 4 अभ्यर्थियों के लिए क्या है जरूरी ?

TRE 4 की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को अब STET पर खास फोकस करना होगा। मौजूदा जानकारी के मुताबिक : STET के लिए 17 अगस्त से आवेदन शुरू होंगे।

STET में शामिल अभ्यर्थी TRE 4 का फॉर्म भर सकेंगे।

TRE 4 परीक्षा में बैठने के लिए STET पास करना जरूरी होगा।

TRE 4 से पहले STET का रिजल्ट जारी करने की तैयारी है

शिक्षकों के ट्रांसफर पर भी शिक्षा मंत्री का अपडेट

शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के ट्रांसफर को लेकर भी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफर की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। सबसे पहले सरप्लस शिक्षकों और म्यूचुअल ट्रांसफर की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद सामान्य ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू होगी। सामान्य ट्रांसफर के लिए विभाग की ओर से तय शेड्यूल के अनुसार आवेदन लिए जाएंगे। इसमें हेड टीचर (HT) और हेडमास्टर (HM) भी आवेदन कर सकेंगे।

लाइब्रेरियन ट्रांसफर के लिए SOP जल्द

लाइब्रेरियन के ट्रांसफर को लेकर भी शिक्षा विभाग जल्द SOP जारी कर सकता है। SOP आने के बाद ट्रांसफर की प्रक्रिया, पात्रता और जरूरी नियमों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

वेतन और एरियर में देरी पर अधिकारियों को चेतावनी

शिक्षकों के वेतन और एरियर के भुगतान को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के बाद वेतन और एरियर भुगतान में देरी करने वाले अधिकारियों को चिन्हित किया जाएगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के भुगतान से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।