Siwan News: बिहार के सिवान जिले की दरौली विधानसभा सीट से LJP (रामविलास) विधायक विष्णुदेव पासवान पर एक संवेदक ने रंगदारी और कमीशन मांगने का आरोप लगाया है। संवेदक ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि सरकारी मॉडल ब्लॉक भवन के निर्माण कार्य को लेकर उनसे 50 लाख रुपये रंगदारी और 3 प्रतिशत कमीशन की मांग की गई। हालांकि, विधायक ने इन आरोपों को गलत बताया है।

संवेदक ने पुलिस में दी शिकायत

शिकायत के अनुसार, आंदर क्षेत्र में मॉडल ब्लॉक भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। संवेदक विवेक कुमार सिंह का आरोप है कि करीब 15.45 लाख रुपये के निर्माण कार्य में 3 प्रतिशत कमीशन की मांग की गई। इसके अलावा 50 लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया।

संवेदक ने यह भी आरोप लगाया कि मांग पूरी नहीं करने पर निर्माण कार्य बंद कराने और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

विधायक प्रतिनिधि समेत दो हिरासत में

पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपियों अमित कुमार पासवान और साहेब हुसैन को हिरासत में लिया है। अमित कुमार को विधायक का कथित प्रतिनिधि बताया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

शिकायत में 19 सितंबर और 21 सितंबर की घटनाओं का भी जिक्र किया गया है। संवेदक पक्ष ने पहले धमकी और बाद में निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों के साथ मारपीट का आरोप लगाया था।

विधायक ने पहले निर्माण कार्य की जांच की मांग की थी

वहीं, विधायक विष्णुदेव पासवान ने इससे पहले मॉडल ब्लॉक भवन के निर्माण और संबंधित संवेदक द्वारा पिछले पांच वर्षों में कराए गए कार्यों की जांच की मांग की थी। उन्होंने भवन निर्माण विभाग के सचिव को पत्र लिखकर निर्माण की गुणवत्ता, प्राक्कलन और तकनीकी मानकों की जांच कराने की मांग की थी।

अब इसी निर्माण कार्य से जुड़े विवाद में विधायक पर रंगदारी मांगने के आरोप लगाए जाने के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा में है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विधायक पर लगे आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।