पटना, 25 अगस्त 2026 : बिहार की राजधानी पटना के ज्ञान भवन में भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले के दौरान भोजपुरी स्टार और भाजपा MLC पवन सिंह की राजद प्रमुख लालू प्रसाद से मुलाकात हुई। इन दोनों की मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। वीडियो में पवन सिंह राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को देखते ही उनके पास जाते और पैर छूकर आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं।

लालू को देखते ही पवन सिंह ने कहा- ‘चाचा...’

कार्यक्रम के दौरान जैसे ही मेगा स्टार पवन सिंह की नजर लालू प्रसाद पर पड़ी, वह तुरंत उनसे मिलने पहुंच गए। पवन सिंह ने लालू प्रसाद को ‘चाचा’ कहकर संबोधित किया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान लालू प्रसाद ने भी मुस्कुराते हुए पवन सिंह के कंधे पर हाथ रखा और उन्हें आशीर्वाद दिया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत भी हुई। यह पूरा वाकया कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है।

अलग राजनीतिक खेमे, लेकिन मुलाकात में दिखी गर्मजोशी

पवन सिंह और लालू प्रसाद की यह मुलाकात इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि दोनों अलग-अलग राजनीतिक खेमों से जुड़े हैं। पवन सिंह भाजपा के विधान परिषद सदस्य हैं, जबकि लालू प्रसाद राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख हैं। इसके बावजूद आमने-सामने मुलाकात के दौरान दोनों के बीच गर्मजोशी नजर आई। हालांकि, दोनों के बीच किस मुद्दे पर बातचीत हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

‘भोजपुरी बवाल’ में एक मंच पर दिखे कई सितारे

पटना के ज्ञान भवन में आयोजित ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले में भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे मौजूद रहे। पवन सिंह के अलावा दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी समेत कई कलाकार कार्यक्रम में नजर आए। तेजप्रताप यादव भी इस शो का हिस्सा हैं। इसी कार्यक्रम के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में पवन सिंह को लेकर तीखी टिप्पणी की थी।

तेजप्रताप यादव ने पवन सिंह पर साधा था निशाना

शो की शूटिंग के बाद तेजप्रताप यादव ने पवन सिंह पर निशाना साधते हुए शराब को लेकर टिप्पणी की थी। तेजप्रताप ने कहा था कि वह खुद शराब से दूर रहते हैं और कलाकारों को इससे दूर रहना चाहिए। इसी बीच उन्होंने पवन सिंह का नाम लेते हुए कहा था कि MLC हो गए हैं, शराब पी रहे हैं’। तेजप्रताप ने पवन सिंह को लेकर ‘बड़ा लफुआ’ जैसी टिप्पणी भी की थी। हालांकि पवन सिंह और लालू प्रसाद की मुलाकात में ऐसा कोई विवाद नजर नहीं आया। दोनों के बीच मुलाकात का अंदाज सौहार्दपूर्ण रहा।

सोशल मीडिया पर वीडियो की चर्चा

लालू प्रसाद और पवन सिंह की मुलाकात का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कोई इसे पवन सिंह का लालू प्रसाद के प्रति सम्मान बता रहा है, तो कोई दोनों की राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए इस मुलाकात को चर्चा का विषय मान रहा है। फिलहाल इस मुलाकात में दोनों के बीच हुई बातचीत का पूरा विवरण सामने नहीं आया है।