पटना, 22 अक्टूबर 2026 : त्योहारों के मद्देनजर लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना के कई बड़े खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया है। 21 अक्टूबर को की गई इस कार्रवाई में KFC, Barbeque Nation और Pizza Hut के विभिन्न आउटलेट्स पर स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कमियां सामने आईं। विभाग ने कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया गया है।
Barbeque Nation में 30 किलो पनीर जब्त, ब्रेड में मिला कीड़ा
विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पटना के बुद्ध मार्ग स्थित केपी मॉल के Fiesta Barbeque Nation आउटलेट में खराब दुर्गंध वाला 30 किलो पनीर और चार किलो चावल मिला। इनकी कुल कीमत 11,400 रुपये बताई गई है। विभाग ने पनीर और चावल को जब्त कर नष्ट कराया। वहीं, वॉश एरिया में भंडारण किए जाने के कारण 15 किलो पैक्ड चिकन के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई। किचन में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे हुए भी पाए गए। फ्रेजर रोड स्थित वन मॉल के Barbeque Nation आउटलेट में ब्रेड के पैकेट में कीड़ा मिला। निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री और रसोई से जुड़ी स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। विभाग ने जले हुए 20 लीटर खाद्य पदार्थ को जब्त कर नष्ट करने की जानकारी दी है। यहां से फ्रोजन मीट व रेड चिली पाउडर के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
KFC के कई आउटलेट्स में मिलीं खामियां
कंकड़बाग : निरीक्षण के दौरान फ्रोजन क्षेत्र में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। भंडारण की स्थिति संतोषजनक नहीं थी। विभाग ने पैक्ड चिकन कट और पैक्ड वेजिटेबल जिंजर पैटी के नमूने लिए। प्रतिष्ठान को FIFO यानी पहले आए खाद्य पदार्थ का पहले इस्तेमाल करने के नियम का पालन करने का निर्देश दिया गया।
बोरिंग कैनाल रोड : यहां औद्योगिक उपयोग के लिए निर्धारित 835 PET गिलासों के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई। भंडारण क्षेत्र में जाने वाली सीढ़ी टूटी और क्षतिग्रस्त मिली। फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ साथ रखे हुए पाए गए। विभाग ने फ्रोजन चिकन का नमूना जांच के लिए भेजा।
बेली रोड : निरीक्षण में किचन की स्वच्छता की स्थिति अच्छी नहीं पाई गई। यहां से खुले मैदे का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
अनीसाबाद : शौचालय से दुर्गंध आने और भंडारण क्षेत्र में साफ-सफाई की कमी की बात सामने आई। विभाग ने मेयोनीज का नमूना लिया।
रीजेंट सिनेमा हॉल : यहां मेन्यू चार्ट में एलर्जेन संबंधी डिस्क्लेमर नहीं पाया गया। किचन की स्वच्छता भी संतोषजनक नहीं थी। विभाग ने फ्रोजन चिकन का नमूना जांच के लिए भेजा। इन सभी KFC आउटलेट्स को कमियों में सुधार के लिए 14 दिनों का नोटिस जारी किया गया है।
Barbeque Nation के आशियाना मोड़ आउटलेट को भी नोटिस
आशियाना मोड़ स्थित Barbeque Nation में फ्रीजर में खाद्य पदार्थों के रखरखाव की स्थिति ठीक नहीं पाई गई। प्रतिष्ठान के लाइसेंस में भी त्रुटि दर्ज की गई। विभाग ने रेड चिली पाउडर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा और सुधार के निर्देश दिए।
Pizza Hut के अनीसाबाद आउटलेट में साफ-सफाई पर सवाल
अनीसाबाद स्थित Pizza Hut में दीवार पर लगी टाइल्स गंदी मिलीं। शौचालय की स्वच्छता संबंधी स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। विभाग ने खुले मैदे का नमूना लेकर खाद्य प्रयोगशाला भेजा और प्रतिष्ठान को 14 दिनों का सुधार नोटिस दिया।
खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार
खाद्य संरक्षा विभाग के अनुसार, सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण और भंडारण की स्थिति, रसोई की साफ-सफाई तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खराब या दूषित खाद्य सामग्री का इस्तेमाल और बिक्री नहीं करने, सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान देने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।




