पटना, 19 सितंबर 2026 : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से 24 सितंबर को पटना में युवाओं के लिए ‘Youth BOLE TO’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वेटनरी ग्राउंड में होने वाले इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में खास तौर पर Gen-Z के युवाओं को जोड़ने की तैयारी की जा रही है। पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उनके मुताबिक, ‘Youth BOLE TO’ के जरिए युवाओं को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता और तकनीक से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। इससे बिहार के युवाओं को काफी फायदा होगा।
युवाओं के सवालों का सीधे जवाब देंगे चिराग पासवान
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे चिराग पासवान के सामने रखने का मौका देना है। युवा शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे। इसके अलावा डिजिटल दौर में युवाओं के सामने आ रही चुनौतियों और बदलते रोजगार के अवसरों पर भी चर्चा होने की संभावना है। पार्टी का कहना है कि युवा केवल भविष्य की ताकत नहीं हैं, बल्कि वर्तमान में भी सामाजिक और आर्थिक बदलाव में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया जा रहा है।
शिक्षा और रोजगार से लेकर स्टार्टअप तक चर्चा
‘Youth BOLE TO’ कार्यक्रम में युवाओं से जुड़े कई अहम विषयों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। इनमें शिक्षा, रोजगार, स्किल डेवलपमेंट, स्टार्टअप, उद्यमिता और टेक्नोलॉजी प्रमुख हैं। डिजिटल युग में रोजगार के बदलते स्वरूप, नई तकनीक के प्रभाव और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों से जुड़े सवाल भी कार्यक्रम में उठ सकते हैं। युवाओं को अपनी बात और सुझाव रखने के लिए सीधे संवाद का मंच मिलेगा।
जिला स्तर पर युवाओं को जोड़ने की तैयारी
कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यालय में बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की तैयारियों और समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। आयोजन की जिम्मेदारी पार्टी के युवा प्रकोष्ठ को दी गई है। पार्टी की ओर से जिला स्तर पर युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर संपर्क अभियान चलाने की बात कही गई है।
क्या है ‘Youth BOLE TO’ का उद्देश्य ?
पार्टी के मीडिया प्रभारी निशांत मिश्रा के मुताबिक, कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं व अपेक्षाओं को समझना है। 24 सितंबर को पटना में होने वाले कार्यक्रम में युवाओं को अपनी बात रखने और सवाल पूछने का अवसर मिलेगा। ‘Youth BOLE TO’ के जरिए पार्टी युवा वर्ग से जुड़े मुद्दों पर संवाद को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है। इस कार्यक्रम में चिराग पासवान युवाओं के सवालों और सुझावों पर बातचीत करेंगे।




