पटना, 16 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर पटना के पाटलिपुत्रा पार्क में राजकीय समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने अटल जी के राष्ट्र के प्रति योगदान, उनके राजनीतिक जीवन और व्यक्तित्व को याद किया।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने अर्पित की पुष्पांजलि

समारोह में राज्यपाल शैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री विजय कुमार सिन्हा, श्रवण कुमार, राम कृपाल यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अटल जी के राजनीतिक योगदान को किया याद

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। नेताओं ने कहा कि अटल जी ने अपनी दूरदर्शी सोच, प्रभावशाली नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता से भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण आज भी प्रेरणा देता है।

राम कृपाल यादव बोले- राजनीति में अटल जी ने खींची बड़ी लकीर

बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व सामान्य राजनीतिक सीमाओं से कहीं बड़ा था। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में अटल जी ने ऐसी लकीर खींची, जिसे मिटाना आसान नहीं है। उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण और विभिन्न दलों के नेताओं के प्रति सम्मान उन्हें विशिष्ट बनाता था।

विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान को किया याद

समारोह में अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल के दौरान देश के विकास, आधारभूत संरचना और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े योगदान को भी याद किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों और राष्ट्रसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

राजकीय समारोह के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके योगदान को देश और भारतीय राजनीति के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।