8 जुलाई 2026
पटना। बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव अब राष्ट्रीय राजनीति का केंद्र बनता जा रहा है। चुनावी रणनीतिकार से नेता बने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के खुद चुनावी मैदान में उतरने के बाद इस सीट पर देशभर की नजरें टिक गई हैं। अब राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार विजय थलपति प्रशांत किशोर के समर्थन में बिहार आ सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
तमिलनाडु कनेक्शन से बढ़ी सियासी हलचल
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय थलपति के चुनाव अभियान की रणनीति तैयार करने में प्रशांत किशोर की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। माना जा रहा है कि उसी राजनीतिक संबंध के चलते विजय थलपति बांकीपुर में जन सुराज के लिए चुनाव प्रचार कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो बिहार की राजनीति में यह एक बड़ा और ऐतिहासिक घटनाक्रम माना जाएगा।
बांकीपुर सीट पर मुकाबला हुआ दिलचस्प
बांकीपुर उपचुनाव में प्रमुख दलों ने अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर मैदान में हैं, जबकि एनडीए ने अभिषेक सिन्हा 'बंटी' को उम्मीदवार बनाया है। महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया है, वहीं जनशक्ति जनता दल ने वीणा मानवी को चुनाव मैदान में उतारा है। चार प्रमुख उम्मीदवारों के बीच मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने भी की प्रशांत किशोर की सराहना
टीएमसी सांसद और बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रशांत किशोर एक दूरदर्शी और सक्षम नेता हैं, जिनकी सक्रिय राजनीति में एंट्री बिहार की राजनीति के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकती है। उन्होंने युवाओं से जाति और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर सकारात्मक राजनीति का समर्थन करने की अपील भी की।
देशभर की नजरें बांकीपुर उपचुनाव पर
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि विजय थलपति वास्तव में पटना पहुंचकर प्रचार करते हैं, तो यह चुनाव केवल बिहार तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन जाएगा। आने वाले दिनों में अन्य राज्यों के बड़े नेताओं के भी चुनाव प्रचार में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव बिहार के सबसे हाई-प्रोफाइल और चर्चित राजनीतिक मुकाबलों में शामिल होता नजर आ रहा है।




