पटना, 29 सितंबर 2026 : बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल काफी तेज हो गई है। इसी बीच प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपने उम्मीदवार को बदल दिया है। पार्टी ने पहले यहां से रवींद्र कुमार यादव को प्रत्याशी घोषित किया था, मगर अब उनकी जगह डॉ. मोहम्मद इम्तियाज नूरानी को उम्मीदवार बनाया गया है। यह बदलाव रवींद्र यादव के नाम की घोषणा के आठ दिन बाद हुआ है। इसको लेकर राजनीति गलियारे में खूब चर्चा हो रही है।

रवींद्र यादव की जगह डॉ. इम्तियाज नूरानी

जन सुराज की ओर से अब दरभंगा स्नातक सीट पर डॉ. मोहम्मद इम्तियाज नूरानी चुनाव लड़ेंगे। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, नूरानी मधुबनी जिले के बिस्फी के रहने वाले हैं। उन्हें डॉक्टर के साथ कारोबारी और सामाजिक कार्यों से जुड़े व्यक्ति के तौर पर बताया गया है। पार्टी ने इससे पहले 20 सितंबर को दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रवींद्र यादव के नाम की घोषणा की थी। उस समय जन सुराज ने शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे।

उम्मीदवार बदलने की वजह क्या है?

रवींद्र यादव का टिकट वापस लेकर डॉ. इम्तियाज नूरानी को उम्मीदवार बनाए जाने के पीछे क्या कारण है। इस पर जन सुराज की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है। मगर ऐसे में टिकट बदलाव को लेकर अलग-अलग चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन पार्टी की ओर से अभी तक कोई पुष्टि जानकारी सामने आई है। रवींद्र यादव इससे पहले जनता दल यूनाइटेड से जुड़े रहे हैं और पार्टी में प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। बाद में उन्होंने जन सुराज की सदस्यता ली थी।

तिरहुत शिक्षक सीट पर भी बदला था उम्मीदवार

दरभंगा स्नातक सीट पर यह बदलाव जन सुराज का उम्मीदवार बदलने का दूसरा प्रमुख मामला है। इससे पहले पार्टी ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भूषण झा की जगह श्याम नंदन यादव को प्रत्याशी बनाया था। तिरहुत सीट पर उम्मीदवार बदलने के मामले में प्रशांत किशोर ने पहले कहा था कि भूषण झा की ओर से जमीन से जुड़ी कुछ जानकारियां उपलब्ध नहीं कराई गई थीं। हालांकि, दरभंगा स्नातक सीट पर रवींद्र यादव की जगह नूरानी को उतारने के फैसले की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं की गई है।

बिहार की आठ विधान परिषद सीटों पर चुनाव

बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर चुनाव होना है। जन सुराज ने सभी आठ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। दरभंगा स्नातक सीट पर अब पार्टी की ओर से डॉ. मोहम्मद इम्तियाज नूरानी चुनाव मैदान में होंगे। कुल मिलाकर उम्मीदवारों में बदलाव के बीच दरभंगा स्नातक सीट पर जन सुराज के नए प्रत्याशी को लेकर राजनीतिक और चुनावी चर्चा एकबार फिर तेज हो गई है।