पटना, 2 अक्टूबर 2026 : बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले MLC चुनाव को लेकर महागठबंधन में कांग्रेस और RJD के बीच सीटों को लेकर अलग-अलग दावेदारी सामने आ गई है। इस तरह महागठबंधन में सब कुछ ठीकठाक नहीं चल रहा है और MLC चुनाव को लेकर महागठबंधन में घमासान मचा है। इस बीच कांग्रेस ने पांच निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। इनमें तीन सीटों पर कांग्रेस का सीधा मुकाबला उसकी गठबंधन सहयोगी RJD के उम्मीदवारों से होगा। कांग्रेस की ओर से जारी सूची में दरभंगा शिक्षक सीट से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा, पटना शिक्षक से डॉ. संजय यादव, कोसी स्नातक से मनोज कुमार जायसवाल, दरभंगा स्नातक क्षेत्र से रजनीकांत पाठक और पटना स्नातक से डॉ. असदुल्लाह खान को उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस की 5 उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट

निर्वाचन क्षेत्र ————— कांग्रेस उम्मीदवार ——- RJD की स्थिति

दरभंगा शिक्षक ———— डॉ. मदन मोहन झा —— उम्मीदवार घोषित नहीं

पटना शिक्षक ————- डॉ. संजय यादव ———- उम्मीदवार घोषित नहीं

कोसी स्नातक ———— मनोज कुमार जायसवाल ——— नितेश कुमार

दरभंगा स्नातक ———— रजनीकांत पाठक ————— अनिल कुमार झा

पटना स्नातक ————— डॉ. असदुल्लाह खान ——— दिलीप कुमार

इस तरह कोसी स्नातक, दरभंगा स्नातक और पटना स्नातक सीटों पर कांग्रेस और RJD के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। वहीं, दरभंगा शिक्षक और पटना शिक्षक सीट पर कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि RJD ने इन दोनों सीटों पर उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।

RJD ने पहले घोषित किए थे 6 उम्मीदवार

RJD ने सितंबर में छह सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पार्टी ने पटना शिक्षक क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को उम्मीदवार बनाया है। मगर कांग्रेस की इस नई सूची के बाद अब तीन निर्वाचन क्षेत्रों में दोनों सहयोगी दलों के उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया है।

मदन मोहन झा को फिर मिला टिकट

कांग्रेस ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा MLC और पूर्व बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा को फिर उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर फिलहाल RJD ने अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।मदन मोहन झा बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। वे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद पहुंचे थे और पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।

कांग्रेस के बाकी उम्मीदवार कौन हैं ?

डॉ. संजय यादव को पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। वे बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल से जुड़े रहे हैं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर काफी सक्रिय रहे हैं। मनोज कुमार जायसवाल कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। रजनीकांत पाठक दरभंगा स्नातक सीट से चुनाव लड़ेंगे। वे बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हैं और संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। डॉ. असदुल्लाह खान को कांग्रेस ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है।

8 सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी होनी है। इन सीटों में पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक तथा पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।

कौन कर सकता है मतदान ?

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में संबंधित क्षेत्र के ऐसे मतदाता मतदान करते हैं जो निर्धारित शैक्षणिक और निवास संबंधी पात्रता पूरी करते हों तथा संबंधित मतदाता सूची में दर्ज हों। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए माध्यमिक विद्यालयों, कॉलेजों या विश्वविद्यालयों में निर्धारित अवधि का शिक्षण अनुभव रखने वाले पात्र मतदाता वोट करते हैं। कांग्रेस और RJD के उम्मीदवारों की अलग-अलग दावेदारी के बाद इन बिहार MLC चुनाव में गठबंधन के भीतर चुनावी तालमेल का मुद्दा भी चर्चा में है। हालांकि अंतिम तस्वीर नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद और स्पष्ट होगी।