पटना | 10 जुलाई 2026
बिहार की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। बैठक दोपहर 12 बजे शुरू होगी और करीब दो घंटे तक चलने की संभावना है। इसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) और राष्ट्रीय लोक मंच (RLM) के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है।
जिलाध्यक्षों के साथ पहली बार करेंगे सीधा संवाद
यह पहली बार होगा जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के जिला स्तर के संगठनात्मक नेतृत्व के साथ एक मंच पर संवाद करेंगे। बैठक में सभी घटक दलों के जिलाध्यक्ष, बिहार सरकार के मंत्री और एनडीए के प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई है।
बांकीपुर उपचुनाव और राजनीतिक रणनीति पर फोकस
सूत्रों के मुताबिक बैठक में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जा सकती है। इसके अलावा विभिन्न जिलों की राजनीतिक स्थिति, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, संगठन की सक्रियता और स्थानीय स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। सरकार के विकास कार्यों का जमीनी फीडबैक लेने और संगठन के सुझावों पर भी विचार किया जाएगा।
एकजुटता का संदेश देने की तैयारी
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बैठक आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए गठबंधन के भीतर समन्वय और एकजुटता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा सरकार और संगठन के बीच तालमेल, विकास कार्यों की समीक्षा और जनहित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर केंद्रित बताया गया है।




