पटना, 2 अक्टूबर 2026 : गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर को पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में ‘नीतीश संवाद-जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री एवं जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार और पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा के साथ शामिल हुए। इसके अलावा जदयू के अन्य कई नेता भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।इस कार्यक्रम के दौरान जीविका के 20 वर्षों के सफर को याद किया गया और बिहार में महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण में जीविका दीदियों की भूमिका पर चर्चा हुई। जदयू ने दो अक्टूबर को बिहार के विभिन्न जिलों में भी ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी थी।

जीविका के 20 साल के सफर पर चर्चा

इस विशेष कार्यक्रम में जीविका से जुड़ी महिलाओं के योगदान को विस्तार से रेखांकित किया गया। जदयू की ओर से पहले जारी कार्यक्रम संबंधी जानकारी के मुताबिक, जीविका के दो दशक पूरे होने के अवसर पर महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक बदलाव को कार्यक्रम का प्रमुख विषय बनाया गया है।जीविका कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2006 में बिहार में हुई थी। इसके बाद स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।

पार्टी पदाधिकारी और जीविका दीदियां रहीं मौजूद

इस कार्यक्रम में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद रहीं। ‘नीतीश संवाद’ के जरिए जीविका के 20 वर्षों की यात्रा, महिला समूहों की भूमिका और उनके अनुभवों को सामने रखने की पहल की गई। इसे साथ ही बिहार के अलग-अलग जिलों में भी इसी थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।