दरभंगा, 12 सितंबर 2026 : उत्तर बिहार में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का स्थायी भवन और क्षेत्रीय मुख्यालय अब दरभंगा में बनाया जाएगा। इसके लिए हनुमाननगर प्रखंड के गोढ़ियारी मौजा में प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण भी किया गया है। 31 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने प्रस्तावित स्थल का संयुक्त निरीक्षण भी किया। इस दौरान अधिकारियों ने जमीन की स्थिति, उपलब्ध क्षेत्रफल और भवन निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया।
जमीन की हुई मापी, तकनीकी पहलुओं पर चर्चा
स्थल निरीक्षण के दौरान अमीन की मौजूदगी में प्रस्तावित भूमि की सीमाओं और वास्तविक क्षेत्रफल की मापी कराई गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों से जमीन की स्थिति और उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की जानकारी भी ली। वहीं, भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं के साथ STF भवन के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
उत्तर बिहार में STF की कार्रवाई होगी तेज
दरभंगा में STF का क्षेत्रीय मुख्यालय बनने से उत्तर बिहार में संगठित अपराध और गंभीर आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई को गति मिलने की उम्मीद है। क्षेत्रीय स्तर पर STF की मौजूदगी से बड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और निगरानी को मजबूती मिल सकती है। अब तक बड़ी कार्रवाई के लिए STF की पटना स्थित व्यवस्था पर निर्भरता रहती थी। दरभंगा में क्षेत्रीय मुख्यालय बनने के बाद उत्तर बिहार के जिलों में STF की पहुंच और ऑपरेशनल रिस्पॉन्स को और प्रभावी बनाने में मदद मिल सकती है। जिला प्रशासन के अनुसार, भूमि से जुड़ी औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद भवन निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




