पटना, 30 सितंबर 2026 : बिहार में महिलाओं और लड़कियों से जुड़ी हालिया घटनाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान के बयान पर अब एनडीए के भीतर से प्रतिक्रिया सामने आई है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने चिराग पासवान के उस बयान पर सवाल उठाया है, जिसमें उन्होंने बिहार सरकार का हिस्सा होने के बावजूद ऐसी घटनाओं पर शर्मिंदगी जताई थी। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने हाल में बिहार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताते हुए कहा था कि आज की स्थिति में लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि राज्य सरकार का सहभागी होने के नाते वह इस सवाल से बच नहीं सकते हैं।
मांझी बोले- शर्मिंदगी है तो आगे की कार्रवाई करें
चिराग पासवान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि अगर कोई सरकार का हिस्सा रहते हुए शर्मिंदगी महसूस करता है, तो उसे आगे की कार्रवाई जरूर करनी चाहिए। जीतन राम मांझी ने बिहार सरकार का बचाव करते हुए कहा कि राज्य में अपराध की घटनाओं पर कार्रवाई हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भी जमकर तारीफ की और कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर रही है। इस बयान के बाद एनडीए के भीतर ही कानून-व्यवस्था और सरकार के कामकाज को लेकर नेताओं के अलग-अलग रुख सामने आने लगे हैं।
बिहार सरकार के मंत्री ने भी दी नसीहत
बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान ने भी केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर किसी को राज्य प्रशासन से शिकायत है तो मीडिया के जरिए बयान देने के बजाय सरकार के साथ बैठकर समाधान निकालना ज्यादा उचित होगा। उन्होंने चिराग पासवान को बड़ा नेता बताते हुए बिहार आकर इन मुद्दों पर ध्यान देने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि राज्य में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और सबकुछ सही है।
चिराग पासवान ने क्या कहा था ?
महिलाओं और लड़कियों से जुड़ी घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि ऐसी घटनाएं राज्य सरकार के लिए चिंता का विषय हैं और सरकार में सहभागी होने के नाते वह इसकी जिम्मेदारी से खुद को अलग नहीं कर सकते हैं। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के इस रुख के बाद विपक्ष के साथ-साथ एनडीए के भीतर से भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
यूपी चुनाव को लेकर भी चिराग का बड़ा ऐलान
इसी बीच चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी तैयारी तेज करने का संकेत दिया है। 28 सितंबर को प्रयागराज में आयोजित ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में चिराग ने कहा था कि उनकी पार्टी यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी गठबंधन में चुनाव लड़ेगी या अकेले, इस पर फैसला बाद में होगा। यूपी में पार्टी की तैयारियों और बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर चिराग के बयानों के बीच एनडीए के नेताओं की प्रतिक्रियाएं बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।




