Bihar News: बिहार में पशुपालन को बढ़ावा देने और ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार ने मुख्यमंत्री गौधन विकास ऋण योजना 2026 शुरू की है। योजना का खास फोकस गरीब परिवारों और पशुपालकों के जीवन स्तर में सुधार लाने पर है।
इस योजना के तहत गाय और भैंस की खरीद करने वाले पात्र लाभुकों को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार बैंकों को ऋण पर लगने वाले 100 प्रतिशत ब्याज का अनुदान देगी। ऐसे में लाभुकों को केवल ऋण की मूल राशि ही वापस करनी होगी।
तीन गाय या दो भैंस खरीदने के लिए मिलेगा ऋण
गौधन विकास ऋण योजना के तहत पात्र लाभुक तीन उन्नत नस्ल की गाय या दो भैंस खरीद सकते हैं। इससे पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और अपनी आमदनी में इजाफा करने का अवसर मिलेगा।
योजना को कोसी क्षेत्र में चलाए जा रहे श्वेत क्रांति-2 के तहत डेयरी विकास कार्यक्रम से भी जोड़ा जा रहा है। इससे क्षेत्र के पशुपालकों को डेयरी व्यवसाय को विस्तार देने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कांफेड लेगा गारंटी और भुगतान की जिम्मेदारी
योजना की खास बात यह है कि लाभुकों के गारंटी और भुगतान की जिम्मेदारी कांफेड लेगा। ऋण की राशि की अदायगी दूध की बिक्री से की जाएगी।
इस व्यवस्था से पशुपालकों पर एकमुश्त भुगतान का दबाव कम होगा और नियमित दूध बिक्री के जरिए ऋण चुकाना आसान हो सकेगा।
50 प्रतिशत महिलाओं को मिलेगा सीधा लाभ
सरकार ने योजना में महिलाओं की भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया है। योजना के तहत 50 प्रतिशत महिलाएं सीधे तौर पर लाभान्वित होंगी।
तीन वर्ष के लिए शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और गरीबी कम करना है।
कोसी क्षेत्र की महिलाओं को मिलेगा फायदा
कोसी क्षेत्र में डेयरी गतिविधियों से जुड़ी कौशिकी जीविका महिला दुग्ध उत्पादक कंपनी से और अधिक महिलाओं के जुड़ने की उम्मीद है। ग्रामीण महिलाएं अपने पारंपरिक कौशल के साथ आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर डेयरी व्यवसाय को आगे बढ़ा रही हैं।
योजना के जरिए महिलाओं को पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सकता है। इससे उनके परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
डेयरी विकास के लिए कोसी में स्वीकृत हुई राशि
जिला पशुपालन पदाधिकारी, सहरसा डॉ. अभिनीत झा ने बताया कि कोसी क्षेत्र में डेयरी विकास के लिए सरकार की ओर से काफी राशि स्वीकृत की गई है। अलग-अलग तरह के डेयरी प्लांट के लिए भी राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गौधन विकास ऋण योजना कोसी क्षेत्र के लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित हो सकती है। डेयरी से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को एक साथ जोड़ने से पशुपालकों को बेहतर अवसर मिलेंगे और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
योजना की खास बातें
- पात्र लाभुकों को ब्याज मुक्त ऋण मिलेगा।
- तीन उन्नत नस्ल की गाय या दो भैंस खरीदने का प्रावधान है।
- सरकार बैंकों को 100 प्रतिशत ब्याज अनुदान देगी।
- लाभुक को केवल मूलधन चुकाना होगा।
- दूध की बिक्री से ऋण की अदायगी की जाएगी।
- कांफेड गारंटी और भुगतान की जिम्मेदारी संभालेगा।
- योजना में 50 प्रतिशत महिलाओं को सीधे लाभ देने का लक्ष्य है।
- योजना तीन वर्ष के लिए शुरू की गई है।
- इसका उद्देश्य दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ ग्रामीण परिवारों की आय और जीवन स्तर में सुधार करना है।




