पटना, 4 अगस्त 2026 :
बिहार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) ने नियमित असिस्टेंट प्रोफेसर की बंपर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के मुताबिक सितंबर 2026 से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
बिहार के 211 कॉलेजों में होगी 2532 पदों पर नियुक्ति
बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के अध्यक्ष गिरीश कुमार चौधरी ने बताया कि राज्य के 211 डिग्री कॉलेजों में कुल 2532 नियमित असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से रिक्त पदों का रोस्टर तैयार कर लिया गया है और भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके अलावा कुछ विषयों में खाली रह गए पदों को भरने के लिए दोबारा वैकेंसी जारी करने की तैयारी भी चल रही है।
विश्वविद्यालयों में भी 7000 पदों पर भर्ती की तैयारी
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती सिर्फ डिग्री कॉलेजों तक सीमित नहीं रहेगी। आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में भी करीब 7000 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर नियुक्ति की योजना बनाई जा रही है। कुलाधिपति के निर्देश के बाद भर्ती के लिए जरूरी नियम और स्टैच्यूट तैयार कर लिए गए हैं, जिससे लंबे समय से खाली पड़े पदों पर नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है।
लिखित परीक्षा के आधार पर होगा चयन
BSUSC अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि नियमित असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति के लिए लिखित परीक्षा अनिवार्य होगी। परीक्षा के बाद तय नियमों के अनुसार आगे की चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आयोग का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित रखा जाएगा।
संविदा शिक्षकों की भर्ती अंतिम चरण में
वहीं, संविदा असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती प्रक्रिया भी अंतिम चरण में पहुंच गई है। चयनित शिक्षकों को 10 अगस्त से राज्य के डिग्री कॉलेजों में योगदान देने की संभावना है। सरकार का लक्ष्य है कि कॉलेजों में शिक्षकों की कमी को जल्द दूर किया जाए और उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।




