पटना, 14 सितंबर 2026 : बिहार के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। अगले तीन महीनों में राज्य के अलग-अलग विभागों में 1.17 लाख से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, ऊर्जा, कृषि और आंगनबाड़ी समेत कई विभागों में बड़ी संख्या में रिक्त पदों पर नियुक्ति की तैयारी है। इनमें कुछ भर्तियों की प्रक्रिया चल भी रही है, जबकि कई पदों के लिए अभी प्रस्तावित स्तर पर ही तैयारी है। संबंधित विभागों की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही आवेदन और परीक्षा की अंतिम तारीखें स्पष्ट होंगी।

शिक्षा विभाग में सबसे ज्यादा भर्तियां

बिहार में सबसे बड़ी भर्ती शिक्षा विभाग से जुड़ी है। TRE-4 के तहत 33,385 शिक्षक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इसके अलावा विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर और स्कूलों में लाइब्रेरियन के हजारों पदों पर भी नियुक्ति की तैयारी है।

9,532 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती

राज्य के विश्वविद्यालयों में लंबे समय से स्थायी असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति का इंतजार कर रहे NET और PhD योग्य अभ्यर्थियों के लिए बड़ी भर्ती की तैयारी है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग और शिक्षा विभाग की ओर से करीब 9,532 पदों पर नियुक्ति का प्रारूप तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसमें पारंपरिक विश्वविद्यालयों की रिक्तियों के साथ नए स्थापित 211 डिग्री कॉलेजों के करीब 2,532 पद भी शामिल बताए जा रहे हैं। विश्वविद्यालयों से रोस्टर क्लियरेंस के आधार पर रिक्तियों का विवरण मांगा गया है।

5,800 लाइब्रेरियन पदों पर भर्ती का रास्ता

स्कूलों में लाइब्रेरियन की भर्ती के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से विद्यालय लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा-2026 आयोजित की जानी है। इसके जरिए करीब 5,800 पदों पर नियुक्ति का रास्ता खुलने की उम्मीद है। बताया गया है कि पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 से 21 अक्टूबर तक लिए जाने प्रस्तावित हैं, जबकि परीक्षा 19 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच आयोजित होने की संभावना है।

TRE-4 में 33,385 शिक्षक पद

बिहार लोक सेवा आयोग की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 के तहत कुल 33,385 शिक्षक पदों पर भर्ती की तैयारी है। शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह राज्य की प्रमुख आगामी भर्तियों में शामिल है।

स्वास्थ्य विभाग में 32,700 पद

प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में भी बड़ी संख्या में नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। विभाग में अलग-अलग स्तर के करीब 32,700 पदों पर भर्ती की तैयारी बताई जा रही है। इन पदों में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पद शामिल हो सकते हैं।

आंगनबाड़ी में 22,891 पद

आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका के करीब 22,891 पदों पर भर्ती की उम्मीद है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रिक्तियों के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

अन्य विभागों में भी हजारों पद

प्रदेश में आने वाले महीनों में पुलिस, ऊर्जा और कृषि विभाग में भी बड़ी संख्या में रिक्तियां सामने आने की संभावना है।

  • पुलिस विभाग : सिपाही, दरोगा और चालक सिपाही समेत विभिन्न पदों पर भर्ती की तैयारी।
  • ऊर्जा विभाग : तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर करीब 7,500 रिक्तियां आने की संभावना।
  • कृषि विभाग : कृषि सेवा से जुड़े करीब 5,500 पदों पर नियुक्ति की तैयारी।
  • आंगनबाड़ी : सेविका और सहायिका के करीब 22,891 पदों पर भर्ती की उम्मीद।

अभ्यर्थी आधिकारिक नोटिफिकेशन का करें इंतजार

हालांकि इन सभी भर्तियों को एक साथ अंतिम रूप से जारी मानना सही नहीं होगा। कुछ नियुक्तियां प्रस्तावित हैं और उनके लिए संबंधित विभागों की ओर से आधिकारिक विज्ञापन और अधिसूचना जारी होना बाकी है। ऐसे में अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित विभाग, आयोग या फिर बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन जरूर देखना चाहिए।