पटना, 17 अगस्त 2026 : बिहार में सोमवार को मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के सभी 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका है। कुल मिलाकर राज्यभर में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है और लोगों से सचेत रहने की अपील की गई है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम ?
सावन की तीसरी सोमवारी के दिन बिहार में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात को लेकर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बारिश की गतिविधियों से पिछले कुछ दिनों से जारी उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इन जिलों में Yellow Alert
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
इन जिलों में Orange Alert
वहीं बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहने की आशंका है। लोगों को तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
गया, नवादा और जमुई में ज्यादा असर की आशंका
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गया, नवादा और जमुई में मानसून का प्रभाव अपेक्षाकृत ज्यादा रह सकता है। इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की है।
बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम, बढ़ेगी बारिश
मौसम में बदलाव की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी में बना मौसम सिस्टम बताया जा रहा है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा तट के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊंचाई तक फैला चक्रवाती परिसंचरण भी मौजूद है। इसके उत्तर और पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। ऐसे में बिहार में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
18 अगस्त को भी रहेगा डबल अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 18 अगस्त को भी बिहार में डबल अलर्ट जारी रहेगा। शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में येलो अलर्ट रहेगा, जबकि बाकी जिलों में ऑरेंज अलर्ट की स्थिति बताई गई है।
19 अगस्त को पूरे बिहार में Yellow Alert
19 अगस्त को राज्य के सभी जिलों में येलो अलर्ट रहने की संभावना है। इस दौरान बक्सर, गोपालगंज, सीवान और पश्चिम चंपारण समेत कई इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है।लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है।
पटना में भी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
राजधानी पटना में रविवार को दिनभर धूप रहने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह धूप और बादलों की आवाजाही देखने को मिली। मौसम विभाग ने पटना में बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई है। अगले कुछ दिनों तक राजधानी में मौसम के इसी तरह बदलते रहने का अनुमान है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। तेज आंधी या बिजली चमकने के समय पेड़, बिजली के खंभे और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखना जरूरी है।




