मनोरंजन डेस्क: बिग बॉस के घर में अपने अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन कर रहीं भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे अब बड़े पर्दे पर भी नजर आने वाली हैं। आम्रपाली दुबे और सुपरस्टार विक्रांत सिंह राजपूत की अपकमिंग भोजपुरी फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है।

रेणु विजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट प्रा. लि. के बैनर तले बनी इस फिल्म का 1 मिनट 47 सेकेंड का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। ट्रेलर एडवाइज भोजपुरी सिनेमा के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया है।

आम्रपाली और विक्रांत की जोड़ी दिखेगी नए अंदाज में

ट्रेलर में आम्रपाली दुबे और विक्रांत सिंह राजपूत की जोड़ी नजर आ रही है। कहानी की शुरुआत आम्रपाली के वकील बनने के सपने से होती है, लेकिन शादी के बाद कहानी पति-पत्नी के रिश्ते और उनके अलग-अलग स्वभाव के बीच उलझती नजर आती है।

ट्रेलर में पारिवारिक रिश्तों और भावनाओं के साथ कॉमेडी और मनोरंजन का भी भरपूर तड़का देखने को मिलता है। ट्रेलर का क्लाइमेक्स खास तौर पर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाता है और कई सवाल छोड़ जाता है। फिल्म में असली राज क्या है, इसका जवाब प्रीमियर के बाद ही मिलेगा।

निर्माता ने बताया पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर फिल्म

फिल्म के निर्माता निशांत उज्जवल और लेखक-निर्देशक सोम भूषण हैं। निर्माता निशांत उज्जवल के मुताबिक, ‘बीवी हो तो ऐसी’ पारिवारिक मनोरंजन के साथ रिश्तों की एक दिलचस्प कहानी पेश करेगी।

उन्होंने कहा कि ट्रेलर को मिल रही प्रतिक्रिया से फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ी है। फिल्म का प्रीमियर जल्द किया जाएगा।

निशांत उज्जवल ने आम्रपाली दुबे और विक्रांत सिंह राजपूत की जोड़ी की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों कलाकारों ने अपने किरदारों को सहज और प्रभावशाली अंदाज में निभाया है। दोनों की केमिस्ट्री फिल्म की कहानी को और दिलचस्प बनाती है।

फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार

आम्रपाली दुबे और विक्रांत सिंह राजपूत के अलावा फिल्म में रोहित सिंह मटरू, सुबोध सेठ, इशा भारद्वाज, साहिबा, पल्लवी कोहली और सबा खान समेत कई कलाकार नजर आएंगे। वहीं, संजय पांडेय विशेष भूमिका में दिखाई देंगे।

फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी ओम झा और रजनीश मिश्रा ने संभाली है। इसके गीत ओम झा, संतोष पाटिल और शेखर मधु ने लिखे हैं।

फिल्म की तकनीकी टीम

फिल्म के सिनेमेटोग्राफर प्रमोद पांडेय और एडिटर जितेन्द्र सिंह जीतू हैं। सह निर्माता डॉ. संदीप उज्जवल और सुशांत उज्जवल हैं, जबकि महेश उपाध्याय कार्यकारी निर्माता हैं।

फिल्म के प्रोडक्शन कंट्रोलर रमेश चौरसिया, सह निर्देशक मंजर खान और लेखक सोम भूषण श्रीवास्तव हैं।

प्रीमियर का इंतजार कर रहे दर्शक

ट्रेलर में आम्रपाली दुबे और विक्रांत सिंह राजपूत की जोड़ी, पति-पत्नी के रिश्ते की खट्टी-मीठी कहानी और कॉमेडी का अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। अब दर्शकों की नजर फिल्म के प्रीमियर पर है, जहां कहानी के उन राज से पर्दा उठेगा, जिनकी झलक ट्रेलर में दिखाई गई है।