पटना, 13 अगस्त 2026 : पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट जीतने के बाद प्रशांत किशोर अब अपने क्षेत्र में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में सक्रिय नजर आ रहे हैं। उन्होंने जनता से मुलाकात के साथ मीडिया से बातचीत करते हुए युवाओं, बच्चों, गरीबों और बुजुर्गों को लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं। PK ने अगले कुछ वर्षों के लिए अपना लक्ष्य भी सामने रखा है।

10 हजार युवाओं को नौकरी दिलाने का लक्ष्य

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के युवाओं के लिए सबसे बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अगले एक से दो वर्षों में कम से कम 10 हजार बेरोजगार युवाओं को प्राइवेट नौकरी दिलाने का है।इसके लिए युवाओं से अपना अपडेटेड CV और बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा करने को कहा गया है। PK के मुताबिक, देशभर में मौजूद अपने संपर्कों के माध्यम से युवाओं को बड़ी कंपनियों से जोड़ने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि शुरुआत में रोजगार के लिए कुछ युवाओं को बिहार से बाहर जाना पड़ सकता है।

बच्चों की पढ़ाई को लेकर भी बड़ा प्लान

प्रशांत किशोर ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी अपनी योजना बताई। उनका कहना है कि बच्चों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए शिक्षा व्यवस्था में सुधार जरूरी है। प्रशांत किशोर के अनुसार, बांकीपुर में बड़ी संख्या में परिवार अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाते हैं। ऐसे में बढ़ती स्कूल फीस कई परिवारों के लिए आर्थिक बोझ बन रही है। उन्होंने कहा कि मार्च 2027 तक प्राइवेट स्कूल संचालकों से बातचीत कर फीस को लेकर ऐसी व्यवस्था बनाने की कोशिश की जाएगी, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक दबाव कम हो सके। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

राशन कार्ड और मुफ्त अनाज पर भी बड़ा दावा

प्रशांत किशोर ने राशन कार्ड और गरीबों को मिलने वाले मुफ्त अनाज की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि राशन कार्ड बनवाने के नाम पर होने वाली कथित रिश्वतखोरी को रोकने के लिए तीन महीने के भीतर व्यवस्था सुधारने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने मुफ्त अनाज वितरण में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की ओर से पांच किलो अनाज देने की बात कही जाती है, लेकिन कई लोगों तक पूरा अनाज नहीं पहुंचता। PK ने दावा किया कि व्यवस्था में सुधार के बाद गरीबों को उनके हिस्से का पूरा पांच किलो अनाज दिलाने की कोशिश की जाएगी।

बुजुर्गों को ₹1100 पेंशन दिलाने का दावा

बुजुर्गों की पेंशन को लेकर भी प्रशांत किशोर ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जिन बुजुर्गों को ₹1100 की पेंशन नहीं मिल रही है, वे उनके कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। PK ने कहा कि ऐसे लोगों की मदद कर उन्हें पेंशन दिलाने की व्यवस्था करने की कोशिश की जाएगी।

भाजपा ने साधा निशाना

प्रशांत किशोर के इन ऐलानों के बाद बिहार की राजनीति में एकबार फिर से चर्चा तेज हो गई है। खासकर युवाओं को नौकरी दिलाने के उनके दावे को लेकर भाजपा की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं। बीजेपी का तर्क है कि बिहार से पलायन रोकने की बात करने वाले पीके अब रोजगार के लिए युवाओं को बिहार से बाहर जाने की बात कर रहे हैं। इस मुद्दे पर प्रशांत किशोर की ओर से भी पलटवार किया गया है। अब देखने वाली बात होगी कि बांकीपुर में किए गए इन वादों और ऐलानों को प्रशांत किशोर जमीन पर कितनी तेजी से लागू कर पाते हैं। मगर उनका यह प्रयास जनप्रतिनिधियों के लिए एक संदेश है।