पटना, 30 सितंबर 2026 : बिहार विधान परिषद के आगामी शिक्षक-स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। इसी बीच बाढ़ विधानसभा क्षेत्र में नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह ने विभिन्न इलाकों का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और जनसंपर्क किया। इस बीच छोटू सिंह ने मोकामा विधायक अनंत सिंह की पूर्व सांसद विजय कृष्ण से टेलीफोन पर बातचीत करवाई। विधायक अनंत सिंह ने डॉ. अनुज के समर्थन के संबंध में विशेष रूप से चर्चा की। बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने पूर्व सांसद से डॉ. अनुज को समर्थन देने का आग्रह किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान पूर्व सांसद विजय कृष्ण से भी अरविंद कुमार सिंह की मुलाकात हुई। दोनों के बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में समर्थन और सहयोग का आग्रह किया गया।

बाढ़ विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में जनसंपर्क

अरविंद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह ने बाढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और इलाकों का दौरा किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर बातचीत की गई। जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत स्टेशन रोड, बख्तियारपुर, रानी सराय, मोहम्मदपुर और बरखी मोहम्मदपुर समेत कई क्षेत्रों में लोगों से संपर्क किया गया।

पटना स्नातक सीट पर बढ़ीं चुनावी गतिविधियां

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर हाल के दिनों में राजनीतिक गतिविधियां काफी बढ़ी हैं। जन सुराज ने 24 सितंबर को डॉ. अनुज सिंह को इस सीट से अपना समर्थित उम्मीदवार घोषित किया। वहीं, जेडीयू ने मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार को फिर से उम्मीदवार बनाया है। डॉ. अनुज सिंह को जेडीयू विधायक अनंत सिंह के समर्थन की खबरें सामने आई हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव की चर्चित सीटों में शामिल है। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है।

जनसंपर्क में कई साथी रहे मौजूद

जनसंपर्क के दौरान मनीष कुमार सिंह, महेश कुमार राणा, आयुष भगत, प्रेम प्रतीक, आनंद और अभिषेक सहित अन्य साथी मौजूद रहे। आगामी चुनाव को देखते हुए पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क और मतदाताओं से संवाद का दौर जारी है।