पटना, 18 सितंबर 2026 : बिहार के रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे ने 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक 383 ट्रेनों के रूट में बदलाव किया है। इस दौरान कई ट्रेनें बदले हुए मार्ग से चलेंगी, जबकि पटना जंक्शन, मोकामा, बाढ़, बरौनी, आरा और किऊल समेत कई स्टेशनों पर कुछ ट्रेनों का ठहराव नहीं होगा। रेलवे के इस बदलाव का असर खास तौर पर पटना-मोकामा रेल रूट पर सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है। ऐसे में अगर आप 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच ट्रेन से यात्रा करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का रूट, टाइमिंग और स्टॉपेज जरूर चेक कर लें।
क्यों बदले गए 383 ट्रेनों के रूट ?
रेलवे की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, दानापुर मंडल के राजेंद्र पुल, हाथीदह जंक्शन अपर, टाल और रामपुर डुमरा तथा सोनपुर मंडल के दिनकर ग्राम सिमरिया रेलखंड पर प्री-एनआई और एनआई से जुड़े कार्य किए जाने हैं। इन कार्यों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों को डायवर्ट करने, कुछ ट्रेनों को नियंत्रित करने और कई ट्रेनों के स्टॉपेज में बदलाव का फैसला लिया गया है।
पटना, मोकामा और बाढ़ में कई ट्रेनों का स्टॉपेज प्रभावित
इस बदलाव के दौरान कई ट्रेनों का पटना जंक्शन, मोकामा और बाढ़ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव प्रभावित रहेगा। इसके अलावा बरौनी, आरा, किऊल और पटना साहिब समेत अन्य स्टेशनों पर भी कुछ ट्रेनों के स्टॉपेज में बदलाव किया गया है। इसका मतलब है कि जिन यात्रियों ने इन स्टेशनों से टिकट बुक कराया है, उन्हें यात्रा से पहले यह जरूर देखना चाहिए कि उनकी ट्रेन संबंधित स्टेशन पर रुकेगी या नहीं।
पटना-मोकामा रूट पर यात्रियों को ज्यादा सावधानी
रेलवे के इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर पटना-मोकामा और आसपास के रेलखंड पर दिखाई दे सकता है। 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन की स्थिति पहले से चेक करनी होगी। कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक रूट से चलाया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों के निर्धारित स्टॉपेज हटा दिए गए हैं।
दिल्ली-कामाख्या एक्सप्रेस का बदलेगा रूट
दिल्ली-कामाख्या एक्सप्रेस को पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया-किऊल रूट से चलाया जाएगा। इस दौरान ट्रेन का दिलदारनगर, आरा, बक्सर, पटना, पटना साहिब और मोकामा में ठहराव नहीं होगा।यात्रियों को इन स्टेशनों के बजाय रेलवे की ओर से निर्धारित वैकल्पिक व्यवस्था के अनुसार यात्रा की योजना बनानी होगी।
गांधीधाम-कामाख्या एक्सप्रेस भी बदले मार्ग से चलेगी
गांधीधाम-कामाख्या एक्सप्रेस को दानापुर-पाटलिपुत्र-हाजीपुर-शाहपुर पटोरी-बरौनी रूट से चलाया जाएगा। इस ट्रेन का पटना जंक्शन पर स्टॉपेज नहीं होगा।
पूर्वा एक्सप्रेस का भी बदलेगा मार्ग
हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस किऊल-शेखपुरा-बिहारशरीफ-बख्तियारपुर के रास्ते चलेगी। इस दौरान ट्रेन का बाढ़ और मोकामा में ठहराव नहीं होगा। इसी तरह अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस भी बख्तियारपुर-बिहारशरीफ-शेखपुरा-किऊल रूट से चलेगी और इसका मोकामा में स्टॉपेज नहीं होगा।
गरीब रथ के चार स्टेशनों पर नहीं मिलेगा स्टॉपेज
जयनगर-आनंद विहार गरीब रथ के यात्रियों के लिए भी बदलाव किया गया है। इस ट्रेन का मोकामा, पटना जंक्शन, बख्तियारपुर और बरौनी में ठहराव नहीं होगा। यह ट्रेन समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र-दानापुर के रास्ते चलेगी।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
अगर आपकी यात्रा 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच है, तो स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें।
- ट्रेन का रूट चेक करें।
- निर्धारित स्टॉपेज की जानकारी लें।
- ट्रेन के समय में बदलाव की जांच करें।
- जिन यात्रियों का बोर्डिंग स्टेशन बदला है, वे वैकल्पिक स्टेशन की जानकारी पहले लें।
- रेलवे की आधिकारिक सूचना/NTES पर ट्रेन का अपडेट देखकर ही यात्रा करें।
383 ट्रेनों के रूट में बदलाव के कारण यात्रियों को असुविधा हो सकती है, लेकिन यह बदलाव निर्धारित रेलखंडों पर होने वाले प्री-एनआई और एनआई कार्य के कारण किया गया है।




