पटना, 14 अगस्त 2026 : स्वतंत्रता दिवस को लेकर बिहार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खुफिया इनपुट के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है। पटना के गांधी मैदान में होने वाले मुख्य समारोह को लेकर तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और ड्रोन और CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। बिहार में 15 अगस्त को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के IG, DIG और SP-SSP को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धार्मिक स्थल, बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पटना समेत संवेदनशील जिलों में जिला पुलिस के साथ बी-सैप, होमगार्ड और अन्य बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं। इस तरह चप्पे-चप्पे

भारत-नेपाल सीमा वाले जिलों में विशेष निगरानी

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा से जुड़े जिलों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की गई है। पुलिस मुख्यालय ने सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की जांच बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पूर्व में उग्रवाद प्रभावित रहे जिलों में भी पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। रेल पुलिस को रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सार्वजनिक जगहों पर बढ़ेगी पुलिस गश्त

15 अगस्त से पहले बिहार के प्रमुख शहरों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारी खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

गांधी मैदान में तीन स्तर की सुरक्षा

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य राजकीय समारोह आयोजित होगा। समारोह को लेकर यहां त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। गांधी मैदान के अंदर और बाहर दंडाधिकारी तथा पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। प्रवेश और निकास मार्गों के अलावा मैदान के आसपास के क्षेत्रों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।

ड्रोन से होगी गांधी मैदान और आसपास की निगरानी

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान गांधी मैदान और आसपास के इलाके की निगरानी ड्रोन के जरिए की जाएगी। CCTV कैमरों से भी लगातार नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई है। अधिकारियों ने सभी संबंधित टीमों को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार काम करने के निर्देश दिए हैं।

1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

गांधी मैदान और आसपास के इलाके में 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को चार सेक्टर में बांटा गया है। गांधी मैदान के अंदर एक अस्थायी पुलिस थाना भी बनाया गया है। इसमें SHO के साथ 24 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा से जुड़े जवान पिछले कुछ दिनों से इलाके में निगरानी और तैयारियों में जुटे हैं।

होटल और लॉज की भी जांच

सुरक्षा व्यवस्था के तहत गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में मौजूद होटल और लॉज की जांच की जा रही है। होटल संचालकों और प्रबंधकों को निर्देश दिया गया है कि आवश्यक पहचान और दस्तावेजों के बिना किसी व्यक्ति को कमरा न दिया जाए। पुलिस संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है। होटल में ठहरने वाले लोगों से संबंधित जानकारी की जांच की जा रही है।

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी बढ़ी चौकसी

पटना सहित राज्य के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंड के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई गई है। संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। शहरों के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आपराधिक और असामाजिक तत्वों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

सुरक्षा में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश

एडीजी विधि-व्यवस्था केएस अनुपम के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस को लेकर एहतियातन पुलिस की चौकसी बढ़ाई गई है। भारत-नेपाल सीमा, रेलवे और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। पुलिस मुख्यालय का निर्देश है कि 15 अगस्त के दौरान समारोह स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो। बिहार में स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।