गयाजी, 11 सितंबर 2026 : बिहार के गयाजी में कथित बैंक फ्रॉड से जुड़े एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED की पटना टीम ने शुक्रवार 11 सितंबर को PMLA की धारा 17 के तहत रामनंदी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड (RHRL) से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि एजेंसी की कार्रवाई फिलहाल जारी है। ED के अनुसार, यह मामला बैंकों के कंसोर्टियम से लिए गए करीब 85 करोड़ रुपये के लोन से जुड़ा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि इस रकम में से करीब 58 करोड़ रुपये डायवर्ट किए गए। आरोप है कि लोन की रकम कथित तौर पर फर्जी या जाली प्रोजेक्ट कंप्लीशन रिपोर्ट के आधार पर हासिल की गई थी।

अखौरी गोपाल और परिवार से जुड़ा है मामला

जांच एजेंसी के मुताबिक, रामनंदी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड का नियंत्रण अखौरी गोपाल और उनके बेटों निशांत एवं नितेश के पास बताया गया है। एजेंसी के अनुसार, लोन के लिए अखौरी गोपाल और उनके परिवार के सदस्यों की व्यक्तिगत गारंटी भी बैंकों को दी गई थी।

पांच संपत्तियों को लेकर भी जांच

ED की जांच में पांच संपत्तियों का भी जिक्र सामने आया है। एजेंसी के अनुसार, इन संपत्तियों को टाटा मोटर्स से जुड़े बकाये के खिलाफ गिरवी या मॉर्गेज किया गया था। बाद में इन संपत्तियों को कथित तौर पर कम कीमत पर बेच दिया गया। जांच एजेंसी को आशंका है कि संपत्तियों के कुछ खरीदार कथित तौर पर बेनामी या प्रॉक्सी हो सकते हैं। इन पहलुओं को लेकर भी जांच की जा रही है।

अभी जारी है ED की कार्रवाई

फिलहाल ED की टीम संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य सामग्री की तलाशी ले रही है। सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद बरामद दस्तावेजों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।