पटना: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई है। कई सीटों पर प्रत्याशियों के नामांकन का सिलसिला शुरू हो चुका है, लेकिन सबसे ज्यादा नजर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर टिकी है। यहां मुकाबला सिर्फ प्रत्याशियों के बीच नहीं, बल्कि जदयू के भीतर सामने आ रहे मतभेदों के कारण भी चर्चा में है।
पटना स्नातक सीट से जदयू के अधिकृत प्रत्याशी और मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार आज नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं जदयू के मोकामा विधायक अनंत सिंह उनके खिलाफ खुलकर मोर्चा खोले हुए हैं। अनंत सिंह ने नीरज कुमार के विरोध के साथ-साथ जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार भी किया है।
आज नामांकन दाखिल करेंगे नीरज कुमार
नीरज कुमार के नामांकन को लेकर जदयू की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक नीरज कुमार सुबह 10:15 बजे ऑफिसर्स फ्लैट, राजवंशीनगर से निकलेंगे।
इसके बाद उनका काफिला पंचरूपी मंदिर, पटना हाईकोर्ट, इनकम टैक्स गोलंबर, तारामंडल, मौर्यालोक और सिटी सेंटर-पुलिस लाइन होते हुए अखंड वासनी मंदिर पहुंचेगा।
सुबह करीब 11:55 बजे गोलघर के पास अखंड वासनी मंदिर में नीरज कुमार पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे पटना आयुक्त कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
नामांकन के बाद करीब 1:30 बजे छज्जू बाग स्थित दादी जी सती मंदिर पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां वे नामांकन में पहुंचे समर्थकों और शुभचिंतकों से मुलाकात करेंगे।
नीरज के नामांकन में ललन सिंह पर नजर
नीरज कुमार के नामांकन कार्यक्रम में जदयू के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, सबसे ज्यादा नजर पार्टी के वरिष्ठ नेता ललन सिंह की मौजूदगी पर रहेगी।
ललन सिंह के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि वे सोमवार सुबह दिल्ली जा सकते हैं, जहां उन्हें विभागीय कार्य निपटाने हैं। ऐसे में उनके नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना कम बताई जा रही है।
अनंत सिंह ने नीरज के खिलाफ खोला मोर्चा
पटना स्नातक सीट का मुकाबला उस समय और दिलचस्प हो गया, जब जदयू के मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया।
अनंत सिंह सिर्फ नीरज कुमार का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि वे जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार भी कर रहे हैं।
1 अक्टूबर को अनंत सिंह डॉ. अनुज सिंह के नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने रोड शो भी किया था। इसके बाद उन्होंने नवादा और नालंदा में जन सुराज प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार किया और मतदाताओं से अनुज सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
वारिसलीगंज में प्रचार के दौरान अनंत सिंह ने समर्थकों से अनुज सिंह के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की और विरोधी प्रत्याशी की जमानत जब्त होने की बात कही।
'नीतीश को मानता हूं, लेकिन नीरज से पुराना हिसाब है'
नीरज कुमार के विरोध को लेकर अनंत सिंह ने अपना रुख सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया है। उनका कहना है कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मानते हैं और बिहार के लिए उनके काम की सराहना करते हैं।
हालांकि, नीरज कुमार के साथ अपने पुराने विवाद को लेकर अनंत सिंह का रुख अलग है। उनका आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार ने उनके खिलाफ काम किया था। इसी पुराने विवाद को लेकर वे अब नीरज कुमार के खिलाफ मुखर हैं।
अनंत सिंह ने पार्टी में नीति और नियम को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी में कोई नीति और नियम है तो वह सभी के लिए समान होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि "पार्टी रहे या ना रहे, मैं किसी का कर्मचारी नहीं हूं।"
इस तरह पटना स्नातक सीट का चुनाव अब केवल दो उम्मीदवारों के बीच मुकाबला नहीं रह गया है। जदयू के भीतर की यह सियासी खींचतान भी चुनाव को खास बना रही है।
नीतीश कुमार ने नीरज को सौंपा पार्टी सिंबल
अनंत सिंह के विरोध के बीच जदयू नेतृत्व ने नीरज कुमार के समर्थन में अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नीरज कुमार को पार्टी का चुनावी प्रपत्र सौंपा।
इसके बाद नीरज कुमार ने नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने उन्हें मजबूती से चुनाव लड़ने और जीत के लिए प्रयास करने का संदेश दिया।
नीरज कुमार ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर भी साझा की।
इसके बाद जदयू की ओर से नीरज कुमार के समर्थन में एक और स्पष्ट संदेश सामने आया। 4 अक्टूबर को जदयू कार्यालय में हुई कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि नीरज कुमार ही NDA के अधिकृत उम्मीदवार हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से नीरज कुमार को पूरी ताकत के साथ चुनाव जिताने की अपील की।
8 सीटों पर होना है विधान परिषद चुनाव
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव में कई प्रमुख प्रत्याशी मैदान में हैं। पटना स्नातक सीट से जदयू के नीरज कुमार चुनाव मैदान में हैं। वहीं तिरहुत स्नातक सीट से अभिषेक झा और कोसी स्नातक सीट से कांग्रेस के मनोज जायसवाल तथा जन सुराज के डॉ. रजनीश रंजन समेत अन्य प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं।
हालांकि, इन सभी सीटों के बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सबसे ज्यादा चर्चा में है। इसकी एक बड़ी वजह जदयू के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार के सामने उसी पार्टी के विधायक अनंत सिंह का खुला विरोध है।
एक तरफ जदयू नेतृत्व नीरज कुमार को अपना अधिकृत NDA प्रत्याशी बता रहा है, वहीं दूसरी तरफ अनंत सिंह जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।
अब चुनावी नतीजे यह बताएंगे कि पटना स्नातक सीट पर पार्टी नेतृत्व का समर्थन कितना प्रभावी रहता है और अनंत सिंह के खुले विरोध का चुनावी समीकरण पर क्या असर पड़ता है।




