Bihar News: SIR को लेकर जारी राजनीतिक बहस और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग के बीच बिहार में मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर चुनाव आयोग ने जोर दिया है। खासकर नए और युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए योग्य नागरिकों का पंजीकरण फॉर्म-6 के माध्यम से किया जाएगा।

BLO घर-घर जाकर करेंगे पात्र मतदाताओं की पहचान

चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करेंगे, जिनका नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।

जांच के बाद पात्र पाए जाने वाले नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।

मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप

मतदाता पंजीकरण को आसान बनाने के लिए जरूरत के अनुसार मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप भी आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

अभियान के तहत ऐसे क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में पात्र लोग मतदाता सूची में शामिल होने से रह सकते हैं।

मजदूरों और बेघर लोगों तक भी पहुंचेगा अभियान

चुनाव आयोग के अभियान में मजदूरों की कॉलोनियों, आश्रय स्थलों, बेघर नागरिकों और अन्य कमजोर वर्गों के लोगों को भी शामिल किया गया है।

इन स्थानों पर विशेष कैंप आयोजित करने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि ऐसे पात्र नागरिक भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें और पंजीकरण प्रक्रिया से वंचित न रहें।

राजनीतिक दलों के बूथ एजेंट को भी दी जाएगी जानकारी

अभियान के दौरान BLO द्वारा तैयार की गई पात्र मतदाताओं की सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) के साथ साझा किया जाएगा।

अभियान पूरा होने के बाद निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी की ओर से मतदान केंद्रवार सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी।

राज्य और जिला स्तर पर होगी निगरानी

पूरी प्रक्रिया की निगरानी राज्य, जिला और निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी स्तर पर की जाएगी। चुनाव आयोग का जोर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने और “कोई मतदाता न छूटे” के लक्ष्य को पूरा करने पर है।

इस अभियान के जरिए नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के साथ-साथ उन नागरिकों को भी मतदाता सूची में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा, जो किसी कारण से अब तक अपना नाम दर्ज नहीं करा सके हैं।