नई दिल्ली | 08 जुलाई 2026

भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के जन्मदिन के अवसर पर उनकी बहुप्रतीक्षित बायोपिक 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया। पोस्टर के साथ फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान किया गया, लेकिन रिलीज के कुछ ही देर बाद यह पोस्टर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। जहां कुछ प्रशंसकों ने फिल्म को लेकर उत्साह जताया, वहीं बड़ी संख्या में यूजर्स ने पोस्टर की डिजाइन और अभिनेता राजकुमार राव के लुक की आलोचना शुरू कर दी।

2002 के ऐतिहासिक लॉर्ड्स सेलिब्रेशन को किया गया रीक्रिएट

फिल्म के पहले पोस्टर में राजकुमार राव को साल 2002 के नेटवेस्ट ट्रॉफी फाइनल के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में जर्सी लहराते हुए दिखाया गया है। यह वही ऐतिहासिक पल था जब भारत ने इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था और सौरव गांगुली का जर्सी लहराने वाला जश्न क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार दृश्यों में शामिल हो गया था।

पोस्टर पर लिखा गया है, "उन्होंने सिर्फ खेल नहीं खेला, बल्कि खेल को बदल दिया।" साथ ही मेकर्स ने घोषणा की कि फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

पोस्टर पर सोशल मीडिया में मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया

पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने पोस्टर की एडिटिंग को कमजोर बताते हुए कहा कि यह किसी प्रोफेशनल फिल्म पोस्टर जैसा नहीं दिखता। कुछ लोगों ने मजाक में लिखा कि "AI या ChatGPT इससे बेहतर पोस्टर तैयार कर देता।" वहीं कुछ ने इसे "Canva टेम्पलेट जैसा" और "अधूरा डिजाइन" करार दिया।

हालांकि, कई प्रशंसकों ने यह भी कहा कि पोस्टर के आधार पर पूरी फिल्म का आकलन करना जल्दबाजी होगी और ट्रेलर आने के बाद तस्वीर साफ होगी।

फिल्म में कौन निभाएगा कौन-सा किरदार

फिल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने कर रहे हैं, जबकि निर्माण लव फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म में राजकुमार राव सौरव गांगुली की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं तान्या मानिकतला उनकी पत्नी डोना गांगुली के किरदार में नजर आएंगी। अभिनेता सास्वत चटर्जी सौरव गांगुली के पिता चंडी गांगुली की भूमिका निभाते दिखाई देंगे।

फिल्म के जरिए भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शामिल सौरव गांगुली के संघर्ष, नेतृत्व और क्रिकेट करियर के अहम पड़ाव को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। अब दर्शकों की नजर फिल्म के टीज़र और ट्रेलर पर टिकी है, जिससे यह तय होगा कि यह बायोपिक दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।