पटना, 23 अगस्त। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के प्रमोशन के लिए शनिवार को पटना पहुंचे पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा ने फिल्म, अपने किरदारों और बिहार से जुड़े कई मुद्दों पर बातचीत की। इस दौरान पंकज त्रिपाठी ने अपनी अगली पसंद का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा कि अगर किसी वेबसीरीज को फिल्म के रूप में बनाने का मौका मिले तो वह ‘क्रिमिनल जस्टिस’ पर फिल्म बनाना चाहेंगे।

‘क्रिमिनल जस्टिस’ पर फिल्म बनाना चाहते हैं पंकज

पंकज त्रिपाठी से जब पूछा गया कि ‘मिर्जापुर’ के अलावा वह किस दमदार वेबसीरीज को बड़े पर्दे पर देखना चाहेंगे, तो उन्होंने ‘क्रिमिनल जस्टिस’ का नाम लिया। अभिनेता का कहना है कि इसकी कहानी को फिल्म के फॉर्मेट में भी प्रभावी तरीके से पेश किया जा सकता है।

फिल्म और सीरीज के फॉर्मेट में बताया अंतर

‘मिर्जापुर: द मूवी’ में वेबसीरीज से क्या अलग देखने को मिलेगा, इस पर पंकज त्रिपाठी ने कहा कि फिल्म और सीरीज दोनों के फॉर्मेट अलग होते हैं। सीरीज में कहानी के लिए ज्यादा समय मिलता है, जबकि फिल्म में सीमित अवधि में पूरी कहानी को प्रभावी ढंग से पेश करना पड़ता है। उनके मुताबिक ‘मिर्जापुर’ की कहानी को फिल्म के हिसाब से ढालने की कोशिश की गई है।

बॉक्स ऑफिस को लेकर बेफिक्र नजर आए कालीन भैया

फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को लेकर पंकज त्रिपाठी ने किसी तरह की चिंता से इनकार किया। उन्होंने कहा कि अच्छी फिल्मों को दर्शकों का प्यार मिलता है और ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी भी दर्शकों को पसंद आएगी। उन्होंने दर्शकों से फिल्म देखने और मनोरंजन का आनंद लेने की अपील की।

रवि किशन को बताया ‘महादेव’

पंकज त्रिपाठी ने रवि किशन की जमकर तारीफ की। उन्होंने उन्हें ‘महादेव’ बताते हुए शानदार व्यक्ति और बड़े भाई जैसा बताया। ‘मिर्जापुर’ में रवि किशन की एंट्री को भी उन्होंने खास बताया और उनके साथ काम करने के अनुभव की सराहना की।

बिहार में दोबारा शूटिंग करना चाहते हैं पंकज

बिहार में शूटिंग के सवाल पर पंकज त्रिपाठी ने बताया कि वह यहां पहले भी काम कर चुके हैं। हाल में उन्होंने पटना और छपरा जैसी जगहों पर ‘ओह माय डॉग’ की शूटिंग का जिक्र किया। उन्होंने आगे भी बिहार में शूटिंग करने की इच्छा जताई। भोजपुरी सिनेमा पर उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री अभी बेहतर दौर की तलाश में है, लेकिन वह भविष्य में भोजपुरी में अच्छी फिल्म करना चाहेंगे।

मुन्ना भैया की वापसी को लेकर दिव्येंदु को था डर

दिव्येंदु शर्मा ने बताया कि लंबे अंतराल के बाद ‘मुन्ना त्रिपाठी’ के किरदार में लौटते समय उनके मन में थोड़ी झिझक थी। उन्हें यह चिंता थी कि क्या वह दर्शकों को पहले जैसा मुन्ना भैया वाला अनुभव दे पाएंगे। उन्होंने पुराने किरदार की बारीकियों को समझने, मेकअप और कॉस्ट्यूम के जरिए उस रूप में लौटने पर काम किया। सेट के पुराने कलाकारों और माहौल ने भी उन्हें किरदार में वापस आने में मदद की।

दिव्येंदु ने बिहार को बताया ‘कम्प्लीट स्टेट’

दिव्येंदु शर्मा ने बिहार के लोगों की मेहनत, समझदारी और ह्यूमर की तारीफ की। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने बिहार को एक ‘कम्प्लीट स्टेट’ बताते हुए यहां दोबारा शूटिंग करने और बिहारी किरदार निभाने की इच्छा भी जताई।