मुंबई | 14 जुलाई 2026
रियलिटी शो 'लॉकअप 2' में इन दिनों प्रतियोगी अपनी निजी जिंदगी के अनुभव साझा कर रहे हैं। हाल ही में फैशन इंफ्लुएंसर सोफी मोतीवाला ने शो के दौरान अपने जीवन के सबसे कठिन दौर का जिक्र किया। उनका भावुक खुलासा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और दर्शकों के बीच मानसिक स्वास्थ्य तथा पारिवारिक स्वीकार्यता को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।
16 साल की उम्र में बदल गई जिंदगी
शो में मानसिक स्वास्थ्य पर चर्चा के दौरान सोफी ने बताया कि जब वह 16 वर्ष के थे, तब उनकी थेरेपिस्ट ने उनकी अनुमति के बिना उनके परिवार को उनकी यौन पहचान के बारे में बता दिया। सोफी के अनुसार, यह घटना उनके लिए बेहद कठिन साबित हुई। उन्होंने कहा कि एक रूढ़िवादी परिवार से आने के कारण उन्हें अपनापन कम मिलने लगा और वे लंबे समय तक खुद को अकेला महसूस करते रहे।
मानसिक संघर्ष का किया खुलासा
सोफी ने बताया कि उस दौर में उन्हें ऐसा लगने लगा था कि वह परिवार के लिए निराशा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि मानसिक दबाव इतना बढ़ गया था कि एक समय वे अपनी जिंदगी खत्म करने के बारे में सोचने लगे थे। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि उसी क्षण उन्होंने खुद को रोक लिया और बाद में धीरे-धीरे अपने जीवन को नई दिशा देने का प्रयास किया।
https://www.instagram.com/reel/DaxEVcEooI5/?utm_source=ig_web_button_share_sheet
थेरेपिस्ट के फैसले पर रखी अपनी राय
सोफी ने कहा कि उनकी अनुमति के बिना परिवार को जानकारी देना उन्हें उस समय गलत लगा था। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि इसी घटना के बाद उन्हें अपनी वास्तविक पहचान के साथ आगे बढ़ने की हिम्मत मिली और वे धीरे-धीरे खुद को स्वीकार कर सके।
क्या है 'लॉकअप 2' का कॉन्सेप्ट?
'लॉकअप 2' एक रियलिटी शो है, जिसमें टीवी कलाकारों और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स सहित 14 प्रतियोगी एक जेल जैसी थीम वाले माहौल में रहते हैं। बाहरी दुनिया से अलग रहकर उन्हें विभिन्न टास्क पूरे करने होते हैं और समय-समय पर वे अपनी जिंदगी से जुड़े अनुभव भी साझा करते हैं। हाल ही में प्रसारित एपिसोड में सोफी मोतीवाला की कहानी ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।




