मुंबई | 15 जुलाई 2026

बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। इस बार वजह बनी इंग्लैंड के बर्मिंघम स्थित एजबेस्टन स्टेडियम से सामने आई उनकी तस्वीरें, जहां वह भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए पहले वनडे मैच का आनंद लेती नजर आईं। खास बात यह रही कि उनके साथ रूमर्ड बॉयफ्रेंड और यूके बेस्ड बिजनेसमैन कबीर बहिया भी मौजूद थे। दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

मैच के दौरान साथ दिखे कृति और कबीर

मैच के दौरान कबीर बहिया ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर कृति सेनन और एक दोस्त के साथ तस्वीर साझा की। इसके बाद कृति ने भी स्टेडियम से कुछ तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कीं। दोनों की मौजूदगी ने एक बार फिर उनके रिश्ते की चर्चाओं को हवा दे दी है। हालांकि, कृति और कबीर ने अब तक अपने रिलेशनशिप को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

कब शुरू हुई डेटिंग की चर्चाएं?

कृति सेनन और कबीर बहिया के रिश्ते की चर्चा पिछले साल कृति के जन्मदिन के बाद शुरू हुई थी। इसके बाद दोनों को कई बार डिनर डेट, फैमिली गेट-टुगेदर और निजी कार्यक्रमों में साथ देखा गया। कृति की बहन नुपुर सेनन और सिंगर स्टेबिन बेन की शादी समारोह में भी कबीर की मौजूदगी ने इन चर्चाओं को और मजबूत कर दिया था।

कौन हैं कबीर बहिया?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कबीर बहिया यूके में रहने वाले युवा बिजनेसमैन हैं। उन्होंने इंग्लैंड के प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूल से शिक्षा प्राप्त की है और एविएशन एवं टूरिज्म सेक्टर से जुड़ी कंपनी के संस्थापक हैं। उनके पिता कुलजिंदर बहिया ब्रिटेन की प्रसिद्ध ट्रैवल कंपनी साउथहॉल ट्रैवल के मालिक हैं।

वर्क फ्रंट पर व्यस्त हैं कृति

वर्क फ्रंट की बात करें तो कृति सेनन हाल ही में निर्देशक होमी अडजानिया की फिल्म 'कॉकटेल 2' में नजर आई थीं। फिल्म में उनके साथ शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए। अपनी फिल्मों के साथ-साथ कृति इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं।