पटना | 21 जुलाई 2026

श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया है। पूर्वी रेलवे के अनुसार ये विशेष ट्रेनें आसनसोल से पटना और आसनसोल से गोरखपुर के बीच चलेंगी। दोनों ट्रेनों का जसीडीह स्टेशन पर ठहराव होगा, जिससे देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।

पटना रूट की टाइमिंग

ट्रेन संख्या 03511 आसनसोल–पटना श्रावणी मेला स्पेशल 29 जुलाई से 29 अगस्त तक प्रतिदिन चलेगी। यह शाम 5 बजे आसनसोल से रवाना होकर अगले दिन सुबह 2:30 बजे पटना पहुंचेगी। वहीं 03512 पटना–आसनसोल स्पेशल 30 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रतिदिन चलेगी। यह सुबह 3:30 बजे पटना से रवाना होकर दोपहर 1 बजे आसनसोल पहुंचेगी।

गोरखपुर रूट पर भी विशेष ट्रेन

रेलवे ने 03527 आसनसोल–गोरखपुर स्पेशल और 03528 गोरखपुर–आसनसोल स्पेशल ट्रेन चलाने का भी फैसला किया है। ये दोनों ट्रेनें भी 29 और 30 जुलाई से प्रतिदिन संचालित होंगी। सभी ट्रेनों का ठहराव चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर होगा।

सामान्य श्रेणी के यात्रियों को राहत

रेलवे ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों में केवल अनारक्षित सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। उम्मीद है कि श्रावणी मेले के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की यात्रा को आसान बनाने में इन ट्रेनों से बड़ी राहत मिलेगी।