पटना: बिहार में MLC Election 2026 के बीच जेडीयू के अंदर अनंत सिंह और नीरज कुमार को लेकर चल रहे विवाद पर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का बयान सामने आया है। संजय झा ने केंद्रीय मंत्री और जेडीयू नेता ललन सिंह के कदम को पार्टी हित में उठाया गया फैसला बताया है।

संजय झा ने बताया कि विधान परिषद चुनाव के नामांकन के दौरान वह दरभंगा और मुजफ्फरपुर में मौजूद थे। वहीं एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेता अलग-अलग क्षेत्रों में नामांकन प्रक्रिया में शामिल हुए। नामांकन समाप्त होने के बाद एनडीए नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बैठक की, जिसमें सभी एमएलसी सीटों की स्थिति और नामांकन से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी दी गई।

ललन सिंह के फैसले पर क्या बोले संजय झा?

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद को लेकर ललन सिंह की भूमिका पर सवाल पूछे जाने पर संजय झा ने कहा कि ललन बाबू ने जो भी कदम उठाया है, वह पूरी तरह पार्टी के हित में है। हालांकि, उन्होंने इस मामले पर विस्तार से टिप्पणी करने से इनकार किया।

विजय चौधरी ने भी कार्रवाई का किया बचाव

जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने भी पार्टी के फैसले को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से ललन सिंह से मामले में हस्तक्षेप कर समाधान निकालने का आग्रह किया गया था। इसके बाद ललन सिंह ने मामले में कार्रवाई की और समाधान की दिशा में रास्ता निकालने की कोशिश की।

विजय चौधरी के मुताबिक, पार्टी की कार्रवाई में पूरी transparency बरती गई है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़ी जो भी बातें सामने आई हैं, पार्टी उन सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार करेगी।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच Bihar MLC Election 2026 में जेडीयू के अंदरूनी समीकरण और नेताओं के बीच तालमेल पर राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।