पटना | 16 जुलाई 2026

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले राजधानी पटना में सियासी माहौल और गरमा गया है। चुनाव प्रचार के बीच अब पोस्टर वॉर भी शुरू हो गया है। शहर के कई इलाकों में जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से उम्मीदवार प्रशांत किशोर (PK) को निशाना बनाते हुए पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

पोस्टर में लगाए गए तीखे आरोप

पोस्टर में लिखा गया है, "KC सिन्हा तो झांकी है, जमानत जब्त होना अभी बाकी है।" इसके साथ ही "वोट नहीं, नोट चाहिए" जैसे नारे भी लिखे गए हैं। पोस्टर में 'जन सुराज' की जगह 'धन सुराज' लिखा गया है। नीचे "सौजन्य : बांकीपुर की जनता" अंकित है। पोस्टर में प्रशांत किशोर को सिर पर टोपी, गले में गमछा और हाथ में नोट लिए हुए दिखाया गया है, जिससे राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की गई है।

जन सुराज को लगा राजनीतिक झटका

पोस्टर वॉर के बीच जन सुराज को एक और झटका तब लगा, जब पार्टी के कई प्रमुख नेता भाजपा में शामिल हो गए। इनमें कुम्हरार से पूर्व उम्मीदवार प्रो. केसी सिन्हा, बिट्टू सिंह, उनकी पत्नी, गोपाल सिंह और डॉ. किशोर कुमार सिंह समेत कई नेता शामिल हैं। भाजपा ने इसे संगठन के विस्तार की दिशा में बड़ी सफलता बताया है।

30 जुलाई को होगा मतदान

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई 2026 को मतदान होना है। चुनाव से पहले पोस्टर वॉर, दल-बदल और राजनीतिक बयानबाजी ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि चुनावी माहौल का असर मतदान और नतीजों पर कितना पड़ता है।