पटना | 21 जुलाई 2026
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को राजधानी पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में जीविका के माध्यम से चयनित 2,446 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सुझावों के आधार पर कई महत्वपूर्ण फैसले ले रही है। उन्होंने दावा किया कि 125 यूनिट मुफ्त बिजली और सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि जैसे निर्णय जीविका दीदियों के सुझावों के बाद ही लिए गए।
महिला संवाद से मिली योजनाओं को नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 और 2025 में राज्यभर में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं ने सरकार के सामने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। उन्होंने बताया कि महिलाओं ने पेंशन की राशि बढ़ाने और बिजली बिल में राहत देने की मांग की थी। सरकार ने इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए पेंशन बढ़ाई और लगभग 1 करोड़ 70 लाख परिवारों को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का निर्णय लिया।
महिलाओं को रोजगार से जोड़ने पर सरकार का फोकस
सम्राट चौधरी ने कहा कि महिला संवाद के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग भी रखी थी। इसके बाद सरकार ने जीविका के माध्यम से स्वरोजगार और आजीविका योजनाओं को और मजबूत किया। उन्होंने कहा कि मुर्गी पालन, बकरी पालन, डेयरी और अन्य छोटे व्यवसायों से हजारों महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं।
'हर गांव में सक्रिय हैं जीविका दीदियां'
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद शुरू हुए जीविका अभियान ने बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ा बदलाव लाया है। आज राज्य के लगभग हर गांव में जीविका समूह सक्रिय हैं और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार में सबसे अधिक 'लखपति दीदी' तैयार हुई हैं, जो अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
सात पदों के लिए नियुक्ति पत्र वितरित
कार्यक्रम के दौरान एरिया कोऑर्डिनेटर, कम्युनिटी कोऑर्डिनेटर, ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर, ऑफिस असिस्टेंट, अकाउंटेंट, लाइवलीहुड स्पेशलिस्ट और ब्लॉक आईटी एग्जीक्यूटिव समेत सात विभिन्न पदों पर चयनित 2,446 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव सहित कई मंत्री, अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।




